नगर पालिका बैकुंठपुर अंतर्गत स्वीकृत विकास कार्यों की सूची में संशोधन के लिए

Estimated read time 1 min read

बैकुंठपुर।

नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर अंतर्गत अधोसंरचना मद से विभिन्न 13 विकास कार्यों हेतु कुल 300.64 लाख की स्वीकृति मिलने केे बाद स्वीकृत कार्यों की सूची के अवलोकन से कुछ कार्यों को लेकर जनहित में पुनर्विचार किया जाने के लिए नपा उपाध्यक्ष आशीष यादव के नेतृत्व में मुख्य नगर पालिका अधिकारी बैकुंठपुर को पत्र सौपते हुए मांग किया गया है कि आपसी समन्वय अथवा स्थानीय स्तर पर पर्याप्त चर्चा के अभाव में कुछ ऐसे कार्य स्वीकृत हो गए हैं, जिनकी वर्तमान परिस्थितियों में पुनर्विचार किया जाना आवश्यक है।

जिसमें विशेष रूप से कार्य में एनएच-43 के दोनों ओर एसईसीएल ऑफिस से मुक्तिधाम तक पाथवे निर्माण हेतु ₹13.66 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। जबकि एनएच-43 मार्ग का खरवत तक सड़क चौड़ीकरण कार्य प्रस्तावित स्वीकृत हो चुकी है तथा आगामी 4 से 6 माह में सड़क चौड़ीकरण हेतु बजट राशि जारी होने की संभावना है। ऐसी स्थिति में वर्तमान में निर्मित पाथवे को पुनः उखाड़कर सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य किया जाना पड़ेगा, जिससे राशि का पूर्णतः दुरुपयोग होगा।

मुख्य मार्ग पर प्रमिला होंडा से नगर पालिका परिसर तक बीटी सड़क निर्माण हेतु 36.79 लाख स्वीकृत किए गए हैं। यदि उक्त मार्ग का निकट भविष्य में चौड़ीकरण प्रस्तावित है, तो इस कार्य पर इतनी बड़ी राशि व्यय करना उचित नहीं होगा एवं राशि का दुरूपयोग होगा। इसी प्रकार इंदिरा पार्क के सामने से जनपद तिराहा तक बीटी रोड मरम्मत हेतु 48.54 लाख स्वीकृत किए गए हैं। जबकि उक्त स्थल पर कुछ माह पूर्व ही लगभग 40 लाख की लागत से इंदिरा पार्क से शिव मंदिर तक सीसी रोड एवं पुलिया का कार्य कराया गया है। ऐसी स्थिति में प्रेमाबाग शिव मंदिर से जनपद कार्यालय होते हुए जेल रोड से पन्नालाल मेडिकल स्टोर तक बी.टी. रोड बनाया जाना उचित होगा। अतः उक्त कार्य की स्वीकृत पर पुनः विचार आवश्यक है।

मानस भवन के पास पार्क निर्माण हेतु 20.01 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। उक्त स्थल को पूर्व में पालिका बाजार हेतु भूमि आवंटित किया गया था और यह स्थान कोरिया जिले का प्रमुख एवं हृदय स्थल है। यहां पालिका बाजार विकसित होने से स्थानीय युवाओं एवं छोटे व्यापारियों को रोजगार व आय के अवसर मिलेंगे तथा नगर पालिका को भी आय प्राप्त होगी। अतः पार्क निर्माण के स्थान पर पालिका बाजार की योजना को प्राथमिकता देते हुए राशि का उपयोग जनहित के विकास कार्य में किया जाना उचित होगा।

आशीष यादव ने कहा कि उपरोक्त चारों कार्यों की स्थल निरीक्षण कर एवं परिषद् में विचार कर आवश्यकता के आधार पर पुनः समीक्षा कर, स्वीकृत राशि को ऐसे स्थानों के विकास कार्यों में परिवर्तित किया जाए जहां वास्तव में उसकी आवश्यकता है। इससे शासकीय राशि सदुपयोग होगा तथा बैकुंठपुर शहर के विकास को अधिक प्रभावी एवं जन उपयोगी बनाया जा सकेगा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours