राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करने के लिए समन्वय, सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करें कार्यकर्ता – पवन साय
बैकुंठपुर।
भारतीय जनता पार्टी जिला कोरिया एवं मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक बैकुण्ठपुर में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों एवं कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा के साथ संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, भारत माता एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, केबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल,प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी मितुल कोठारी, संभागीय संगठन प्रभारी अवधेश चंदेल, जिला प्रभारी ललन प्रताप सिंह, बाबूलाल अग्रवाल, विधायक भैयालाल राजवाड़े, जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी, चम्पादेवी पावले, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी जायसवाल एवं अनिल केशरवानी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री श्री पवन साय जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और आपसी समन्वय से मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि संगठन में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय, निरंतर संगठनात्मक सक्रियता और कार्य के प्रति पूर्ण समर्पण ही हमें राजनीतिक एवं संगठनात्मक चुनौतियों का मजबूती से सामना करने की शक्ति देता है।
उन्होंने कहा कि नेतृत्व के अंदर संयम और कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदनशीलता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। वरिष्ठ पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं की समस्याओं और आवश्यकताओं को समझते हुए उनके साथ निरंतर संवाद एवं संपर्क बनाए रखना चाहिए। संगठन केवल कार्यक्रमों से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध और निरंतर संपर्क से मजबूत होता है।
श्री साय ने कहा कि जिला स्तर की बैठक के बाद मंडल स्तर पर भी बैठकों एवं प्रवास का सिलसिला जारी रखा जाएगा। मंडल प्रभारी अपने-अपने मंडलों में नियमित प्रवास कर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करें और संगठन की गतिविधियों की निरंतर समीक्षा करें। इसी प्रकार मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी मंडलों में प्रवास कर अपने कार्यकर्ताओं से नियमित संपर्क रखें तथा संबंधित मोर्चों के संगठनात्मक कार्यों को गति प्रदान करें।
उन्होंने विशेष रूप से बूथ अध्यक्षों से सतत संपर्क बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि बूथ संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। बूथ अध्यक्ष एवं बूथ समिति के साथ निरंतर संवाद रखते हुए संगठन द्वारा दिए गए निर्देशों एवं कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जब बूथ मजबूत होगा, तभी मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर संगठन और अधिक सशक्त बनेगा।
प्रदेश संगठन महामंत्री ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, पार्टी के कार्यक्रमों एवं संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। आगामी कार्यक्रमों को केवल औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि संगठन को विस्तार देने और समाज के प्रत्येक वर्ग से जुड़ने के अवसर के रूप में लिया जाए।
संभागीय संगठन प्रभारी श्री अवधेश चंदेल जी ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाकर लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने जिला, मंडल एवं बूथ स्तर पर प्रदेश संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर अपने सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए तथा आगामी कार्ययोजना पर सार्थक संवाद किया। बैठक में कोरिया एवं एम.सी.बी. जिले के जिला पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं अन्य प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




+ There are no comments
Add yours