विशेष ग्रामसभा के प्रस्ताव के बाद उचित मूल्य दुकान में ग्रामीणों ने लगाया ताला, पूर्व संचालक को लेकर विरोध तेज
बैकुण्ठपुर।
ग्राम पंचायत मझगवां में सार्वजनिक उचित मूल्य दुकान क्रमांक 532001086 के संचालन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों और पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने 25 अगस्त 2026 को पंचनामा तैयार कर उचित मूल्य दुकान में ताला लगा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि विशेष ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित कर पूर्व संचालक के समूह को दुकान का संचालन नहीं सौंपने का निर्णय लिया गया है। जानकारी के अनुसार मझगवां की राशन दुकान का संचालन पूर्व में आकाश ग्राम उन्नयन समिति के माध्यम से अध्यक्ष धनेश्वरी चौबे द्वारा किया जाता था। ग्रामीणों के अनुसार उनके खिलाफ पूर्व में अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज, मनमाने तरीके से समिति संचालन सहित विभिन्न शिकायतें की गई थीं। विभागीय जांच में शिकायतें सही पाए जाने के बाद संबंधित समिति को निरस्त कर शासन द्वारा इश्तिहार जारी कर दूसरी समिति को राशन दुकान संचालन की जिम्मेदारी दी गई थी।
ग्रामीणों का कहना है कि नई समिति पिछले तीन-चार महीनों से राशन दुकान का संचालन कर रही थी और व्यवस्था संतोषजनक थी। इसी बीच पूर्व संचालक द्वारा अपर न्यायालय में उचित मूल्य दुकान के संचालन को लेकर याचिका प्रस्तुत किए जाने की बात सामने आई। ग्रामीणों का आरोप है कि मामले में ग्राम पंचायत, वर्तमान राशन दुकान संचालक और शिकायतकर्ताओं को उचित रूप से पक्षकार नहीं बनाया गया तथा एकतरफा कार्रवाई के माध्यम से पूर्व संचालक के पक्ष में आदेश प्राप्त किया गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों और करीब 200 ग्रामीणों ने जनदर्शन में कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। अधिकारियों की ओर से मामला न्यायालय में विचाराधीन होने की बात कही गई थी। इसके बाद ग्राम पंचायत में प्रस्ताव पारित कर पूर्व संचालक के समूह से राशन दुकान का संचालन नहीं कराने का निर्णय लिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत में अन्य कई महिला एवं ग्रामीण समूह हैं, जो राशन दुकान का संचालन बेहतर तरीके से कर सकते हैं। इसलिए शासन किसी अन्य पात्र समूह को संचालन की जिम्मेदारी दे। साथ ही ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि धनेश्वरी चौबे ग्राम पंचायत मझगवां की निवासी नहीं हैं और उनके राशन कार्ड की भी जांच कर वर्तमान निवास स्थान के अनुसार स्थानांतरण किया जाना चाहिए। 25 अगस्त को पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पंचनामा तैयार कर उचित मूल्य दुकान पर ताला लगा दिया तथा इसकी सूचना कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी, खाद्य विभाग एवं थाना प्रभारी बैकुण्ठपुर को भेजी गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दबाव बनाकर पूर्व संचालक को दुकान संचालन में हस्तक्षेप करने दिया गया तो पंचायत स्तर पर पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। अब प्रशासन के सामने राशन वितरण व्यवस्था को प्रभावित किए बिना विवाद का वैधानिक एवं निष्पक्ष समाधान निकालने की चुनौती है।




+ There are no comments
Add yours