एसएचसी मनेन्द्रगढ और यूपीएचसी डोमनहील चिरमिरी में ट्रायल आज
तहकीकात न्यूज @ वेब डेस्क . बैकुन्ठपुर
कोरोना वैक्सीन लगाने की तैयारियां जिले में तेजी से चल रही हैं। कोरोना वैक्सीन टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश भर में मॉकड्रिल के निर्देश दिए हैं। इसी कडी में जिले में मॉकड्रिल के तहत टीका लगने के बाद प्रतीकात्मक लाभार्थी को आधा घंटा तक सेंटर में ही रूकवाने , प्रत्येक सेंटर में 5-5 लोगों की रेस्क्यू टीम की तैनाती, साइड इफैक्ट की शिकायत का निराकरण आदि का ट्रायल किया जायेगा।
सीएमएचओ डां रामेश्वर शर्मा ने बताया, “कोरोना टीकाकरण का ड्राई रन स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देश पर किया जा रहा है ताकि टीकाकरण की तैयारियों को परखा जा सके । गुरूवार को जिले के सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र मनेन्द्रगढ और शहरी प्राथमिक स्वास्थ केंन्द डोमनहील चिरमिरी में ट्रायल किया जाएगा। यहां पांच-पांच लोगों को वैक्सीन लगाने का ट्रायल किया जाएगा। जिसके बाद उन्हें आधे घंटे अलग कमरे में रखा जाएगा और फिर उन्हें जाने दिया जाएगा। जिन लोगों को वैक्सीन लगानी है सबसे पहले उनका परिचय पत्र का रजिस्ट्रेशन से मिलान किया जाएगा इसके बाद उनको टीकाकरण केंद्र में आने दिया जाएगा”।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ एस.एस. सिंह ने बताया, “माकड्रिल के दौरान किन बातों का ध्यान रखना है, इसका प्रशिक्षण दिया जायेगा । टीकाकरण के लिए , किसी व्यक्ति को हॉस्पिटल में पहुंचकर कैसे वैक्सीन देनी है साथ ही उसे मोबाइल एप में कैसे एंट्री करनी है। इसके अतिरिक्त कुछ समय के लिए लोगों को हॉस्पिटल में रखना है, इसकी जानकारी देनी है। टीकाकरण पूरा होने के बाद वैक्सीन किट को कोल्ड चेन तक सुरक्षित पहुंचाने की भी मॉकड्रिल की जायेगी। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के लिहाज से पुलिस जवान भी तैनात किए जायेंगे ।
डीपीएम रंजना पैकरा ने बताया , “जिले में 24 कोल्ड चेन प्वाइंट और कुल 50 सेशन साइट निर्धारित है जिसमें विकासखंड बैकुंठपुर में 17, जनकपुर में 03, खडगवां में 09, मनेन्द्रगढ में 13, सोनहत में 03, चिरमिरी शहरी में 05 की संख्या में है। वैक्सीन को जिला टीकाकरण केंद्र में रखा जाएगा। जिसे रेफ्रिजरेटर में दो से आठ डिग्री तापमान पर रखा जाएगा। ब्लॉक स्तर पर भी इसी व्यवस्था को अपनाया जाना है”।
मेडिकल टीम में होंगे पांच कर्मचारी
टीकाकरण करने के लिए पांच कर्मचारी होंगे, इसमें एक गार्ड मौजूद रहेगा, इसके अलावा डाटा एंट्री ऑपरेटर, वैक्सीन लगाने के लिए एक व्यक्ति वहां मौजूद रहेगा। एक कर्मचारी वहां पर टीका लगवाने के लिए आने वाले लोगों को व्यवस्थित तरीके से इंट्री दिलाने के लिए रखा जायेगा। डाटा एंट्री ऑपरेटर को मोबाइल एप में तुरंत इंट्री करनी होगी।
as

+ There are no comments
Add yours