न्यू लाइफ नर्सिंग में हर्षाेल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Estimated read time 1 min read

बैकुंठपुर।

आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर न्यू लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, बैकुंठपुर का परिसर राष्ट्रप्रेम, उत्साह और सांस्कृतिक चेतना से सराबोर नजर आया। तिरंगे की आन, बान और शान के बीच जब राष्ट्रगान की स्वर-लहरियां गूंजीं तो पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो उठा। स्वतंत्रता दिवस समारोह में नर्सिंग विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, नाट्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की गौरवशाली विरासत और विविधता में एकता की मनोहारी तस्वीर प्रस्तुत की। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने उपस्थितजनों में देशभक्ति की लौ और प्रखर कर दी।

कश्मीरी नृत्य से लेकर छत्तीसगढ़ी करमा तक की प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति की बहुरंगी छटा बिखेरी। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सेवा-भाव की नई ऊर्जा का संचार किया। बैकुंठपुर न्यू लाइफ हेल्थ एंड एजुकेशन सोसायटी द्वारा संचालित न्यू लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, बैकुण्ठपुर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रप्रेम, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। सुबह 8 बजे आयोजित ध्वजारोहण समारोह में संस्था के पदाधिकारियों, प्राचार्या, शिक्षकों, स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पूरे परिसर में देशभक्ति का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, भारत माता एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। संस्था के चेयरमैन संत कुमार जायसवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इसके पश्चात संस्था संचालक डॉ. प्रिंस जायसवाल, सचिव वंदना जायसवाल, सावित्री देवी, प्राचार्या डॉ. अंजना सैम्यूल, समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, झंडा गीत तथा छत्तीसगढ़ राज्यगीत का सामूहिक गायन किया। समारोह में नर्सिंग विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक विविधता का मनोहारी प्रदर्शन किया।

द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। चतुर्थ एवं पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों ने कश्मीरी नृत्य और छत्तीसगढ़ी करमा नृत्य के माध्यम से देश की सांस्कृतिक एकता और विविधता की सुंदर झलक भी प्रस्तुत की। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण तृतीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रानी लक्ष्मीबाई के स्वतंत्रता संघर्ष पर आधारित प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति रही।

वीरांगना लक्ष्मीबाई के साहस, शौर्य और मातृभूमि के प्रति समर्पण को मंच पर जीवंत देखकर उपस्थितजन भावविभोर हो उठे। समारोह को संबोधित करते हुए संस्था संचालक डॉ. प्रिंस जायसवाल एवं प्राचार्या डॉ. अंजना सैम्यूल ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है। विद्यार्थियों से अनुशासन, सेवा, सद्भावना और राष्ट्रहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर बीएससी नर्सिंग परीक्षा फरवरी तथा जुलाई-अगस्त 2025 में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विभिन्न सेमेस्टर के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। संस्था प्रमुखों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर उत्कृष्टता की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह के अंत में संस्था प्रमुखों ने सम्माननीय अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सांस्कृतिक चेतना, एकता और उत्कृष्टता की भावना को और अधिक प्रबल किया। समारोह का समापन जय हिंद और वंदे मातरम के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours