डीए समेत लंबित मांगों को लेकर 30 सितंबर के आंदोलन की रणनीति तय, अमृतांशु मिश्रा बने कोरिया जिला अध्यक्ष
बैकुंठपुर।
छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ की कोरिया एवं एमसीबी जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को सर्किट हाउस में आयोजित की गई। बैठक में महंगाई भत्ता समेत अन्य लंबित मांगों को लेकर आगामी 30 सितंबर को प्रदेश के प्रत्येक जिले में प्रस्तावित आंदोलन की रणनीति एवं रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। वहीं, कोरिया जिले में संगठन को नई दिशा देने के लिए अमृतांशु मिश्रा को सर्वसम्मति से जिला अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की गई।
बैठक में प्रदेश महामंत्री आनंद सिंह यादव, संभागीय सचिव चंद्रदेव चक्रधारी एवं संभागीय कोषाध्यक्ष रामजन्म यादव की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में पेंशनर्स एसोसिएशन, तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, शिक्षक संघ सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
30 सितंबर के आंदोलन पर हुआ मंथन
बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों एवं क्। से जुड़े मुद्दों को लेकर आगामी 30 सितंबर को प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। आंदोलन में अधिक से अधिक कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने, पदाधिकारियों एवं सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपने तथा जिले में आंदोलन को प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार की गई। इसके साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने, नए पदाधिकारियों एवं सदस्यों को संगठन से जोड़ने तथा कर्मचारी हितों से जुड़े स्थानीय एवं प्रदेश स्तरीय मुद्दों को मजबूती से उठाने पर भी सहमति बनी।
अमृतांशु मिश्रा को मिली कोरिया की कमान
बैठक के दौरान कोरिया जिला अध्यक्ष के पद पर ऊर्जावान साथी अमृतांशु मिश्रा के नाम की सर्वसम्मति से घोषणा की गई। अमृतांशु मिश्रा ने संगठन की आजीवन सदस्यता भी ग्रहण की। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कर्मचारी साथियों ने उनका स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि अमृतांशु मिश्रा के नेतृत्व में कोरिया जिले में कर्मचारी संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा कर्मचारियों की समस्याओं एवं लंबित मांगों को प्रभावी ढंग से शासन के समक्ष उठाया जाएगा। बैठक में पेंशनर्स एसोसिएशन के वरिष्ठ शिव कुमार मिश्रा, गोपाल प्रसाद बुनकर, व्याख्याता डीपी मिश्रा, पवन दुबे, प्रदीप सिंह यादव, राम रक्षा द्विवेदी, नारायण प्रसाद तिवारी, फेडरेशन सचिव विश्वास भगत, सुरेश एक्का, अमृतांशु मिश्रा, जीतराम किंडो, विनय गुप्ता, हरिशंकर पटेल सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी साथी उपस्थित रहे।




+ There are no comments
Add yours