सरपंच पति के हस्तक्षेप से नाराज पंचों का फूटा गुस्सा……लाया सोनहत सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन सौंपा

Estimated read time 1 min read

बैकुंठपुर।

स्थानीय ग्राम पंचायत सोनहत में सियासी घमासान तेज हो गया है। ग्राम पंचायत की सरपंच मानमती सिंह की कार्यप्रणाली और पंचायत कार्यों में उनके पति दिनेश सिंह के लगातार बढ़ते हस्तक्षेप से नाराज होकर भारी संख्या में पंचों ने बगावत का बिगुल फूंक दिया है। पंचायत के कुल 20 पंचों में से 16-17 पंचों ने एकजुट होकर सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का मन बना लिया है और इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) यानी एसडीएम सोनहत को एक औपचारिक आवेदन सौंपा है।

पंचों ने लगाए गंभीर आरोप

सौंपे गए आवेदन में पंचों ने छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग करते हुए सरपंच और उनके पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पति द्वारा पंचायत संचालन का आरोपरू पंचों का मुख्य आरोप है कि ग्राम पंचायत सोनहत की बैठकों की संपूर्ण कार्यवाही और निर्णय सरपंच के बजाय उनके पति दिनेश सिंह द्वारा मनमाने ढंग से संचालित किए जाते हैं। पंचों को विश्वास में लिए बिना उन पर एकतरफा निर्णय थोपे जाते हैं। अवैधानिक भूमिपूजन आवेदन में कहा गया है कि पंचायत के विकास व निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी सरपंच के स्थान पर उनके पति दिनेश सिंह द्वारा ही किया जाता है, जो कि नियमों के विपरीत है।

योजनाओं में पारदर्शिता का अभाव

पंचों ने आरोप लगाया कि शासन की जनहितकारी योजनाओं का क्रियान्वयन सही ढंग से नहीं किया जा रहा है और न ही पंचों को इन योजनाओं की कोई जानकारी दी जा रही है। वित्तीय अनियमितता की शिकायतरू सरपंच की कार्यप्रणाली, उनके पति के अत्यधिक हस्तक्षेप और वित्तीय अनियमितताओं के चलते पंचों ने सरपंच पर से पूरी तरह अपना विश्वास उठ जाने की बात कही है।

एसडीएम से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

सोनहत ग्राम पंचायत के दो-तिहाई से अधिक बहुमत (16-17 पंचों) के साथ पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम के अंतर्गत सरपंच मानमती सिंह के विरूद्ध तत्काल अविश्वास प्रस्ताव की वैधानिक कार्यवाही शुरू करने की मांग की है। इस अविश्वास प्रस्ताव के आवेदन के बाद से क्षेत्र की ग्रामीण राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours