तहकीकात न्यूज @ प्रशांत . बतौली
बतौली भारतीय स्टेट बैंक शाखा में पेंशनरों के लिए अभिनव पहल के तहत सोमवार को विशेष कैंप आयोजित किया गया था ।इस अवसर पर पेंशनरों का हेल्थ चेकअप करने के साथ जीवित प्रमाण पत्र जमा कराने संबंधी सारी प्रक्रियाएं संपन्न की गई है ।विशेष बात यह रही कि कैंप के माध्यम से सर्व सुविधा युक्त माहौल में पेंशनरों ने अपने जीवित प्रमाण पत्र जमा किए और बैंक से संबंधित अन्य योजनाओं की जानकारी भी ली। पहली बार आयोजित हुए इस तरह के आयोजन से पेंशनरों में उत्साह देखा गया ,सभी ने बैंक प्रबंधन को इस आयोजन के लिए बधाई भी दी ।
बतौली भारतीय स्टेट बैंक शाखा में पहली बार पेंशनरों के लिए एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया था ।इस संबंध में शाखा प्रबंधक प्रियव्रत गुप्ता ने बताया कि वर्ष के अंतिम दो महीनों में पेंशनरों को जीवित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना पड़ता है। बैंकिंग प्रणाली के तहत यह एक नियमबध्द प्रक्रिया है, जिसके बाद ही उन्हें पेंशन मिलती रहती है ।आज इसी संदर्भ में बतौली क्षेत्र के समस्त पेंशनरों को आमंत्रित किया गया था ।उनके लिए हेल्थ चेकअप की भी सुविधा प्रदान की गई थी जिसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रबंधन की एक टीम बीएमओ डॉ संतोष सिंह के नेतृत्व में पहुंची थी। स्वल्पाहार की व्यवस्था भी पेंशनरों के लिए की गई थी। इसके अलावा उन्हें फॉर्म भरने और अन्य जरूरी दस्तावेज जमा करने के लिए भी पर्याप्त सहायता उपलब्ध कराई गई है। बैंक और ग्राहक के बीच बेहतर वातावरण के तहत तालमेल स्थापित करने और बैंक की सुविधाएं देने की मंशा से आयोजित हुए इस कैंप में उत्साह पूर्वक पेंशनरों ने भाग लिया ।उन्होंने अन्य बैंकिंग योजनाओं की जानकारी भी ली और अंत में सभी बैंक प्रबंधन का धन्यवाद देकर विदा हुए ।

पूर्व के वर्षों में करनी पड़ती थी मशक्कत
बतौली क्षेत्र में 356 लगभग पेंशनर है ।वर्षांत के दो महीनों में जीवित प्रमाण पत्र जमा करने के लिए पूर्व के वर्षों में काफी मशक्कत बुजुर्ग जनों को करनी पड़ती थी। स्वयं का ही जीवित होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना वैसे भी एक विडंबना पूर्ण तथ्य है। बावजूद इसके भीड़ भाड़ में धक्के खाते पेंशनर हर साल यह प्रक्रिया पूरी करते हैं जिसके बाद ही उन्हें पेंशन मिलने का क्रम जारी रहता है, लेकिन इस बार आयोजित हुए विशेष कैंप में बुजुर्ग जनों का सम्मान भी किया गया ।उन्हें फॉर्म भरवाने व जरूरी दस्तावेज जमा करने में सहायता भी उपलब्ध कराई गई । हेल्थ चेक अप के साथ बैंक के कर्मचारियों ने बुजुर्ग जनों का हाल-चाल भी जाना ।उनसे अनौपचारिक बातचीत भी की गई ।
शाखा प्रबंधक ने खिलाया चॉकलेट
बुजुर्ग जन जब बैंक आते हैं तो कई बार उन्हें भीड़ भाड़ से परेशानी होती है। खासकर जीवित प्रमाण पत्र जमा करते समय क्षेत्र भर के बुजुर्ग वार जब बैंक पहुंचते हैं तो उन्हें भीड़ भाड़ के बीच अपने दस्तावेज जमा करने पड़ते हैं ,लेकिन इस बार विशेष माहौल में सुविधा पूर्ण परिस्थितियों में पेंशनरों ने अपने दस्तावेज जमा किए हैं ।इस अवसर पर शाखा प्रबंधक ने कुछ बुजुर्ग जनों को चॉकलेट भी भेंट की। मित्रवत और पारिवारिक माहौल में बुजुर्ग जनों ने पेंशन प्राप्त करने हेतु जरूरी प्रक्रिया मंद मंद मुस्कान के साथ संपन्न की।
बयान
बैंक ग्राहकों के लिए ही समर्पित होता है। बैंक की प्रणाली से ग्राहकों में संतोष होना चाहिए ।इसी के तहत आज विशेष कैंप बुज़ुर्ग जनों के लिए आयोजित किया गया था। 60 से 62 पेंशनरों ने अपने दस्तावेज जमा किए हैं ।महीने के अंत तक यह क्रम चलता रहेगा ।पेंशनर मुझसे संपर्क करें ।उनका ख्याल रखते हुए जीवित प्रमाण पत्र जमा करने संबंधी संपूर्ण कार्रवाई की जाएगी।

+ There are no comments
Add yours