तहकीकात न्यूज @ वेब डेस्क . बैकुन्ठपुर
कलेक्टर कोरिया एस एन राठौर ने आज स्वान कक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी विकासखण्डों में वैक्सीनेशन, क्वारेंटाइन सेंटर के लिये गाइड लाइन तथा तैयारी, रेल एवं सड़क मार्ग से आने वाले अंतर्राज्यीय यात्रियों के टेस्टिंग एवं उन्हें क्वारेंटाइन किये जाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मितानिनों द्वारा कोरोना सामुदायिक सर्वे व उन्हें लाक्षणिक किट उपलब्ध कराए जाने के संबंध में की जा रही व्यवस्था की समीक्षा की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी तरह उन्होंने जिले में कन्टेनमेंट जोन अवधि में निर्धारित नियमों के पालन की भी जानकारी ली। इस वीसी में सीईओ जिला पंचायत कुणाल दुदावत, डीपीएम रंजना पैंकरा, सभी एसडीएम, बीएमओ तथा सीईओ जनपद पंचायत उपस्थित रहे।
वीसी के माध्यम से कलेक्टर श्री राठौर ने जिले में वैक्सीनेशन के कार्य की प्रगति की जानकारी ली। रेल और सड़क मार्ग से आने वाले अंतर्राज्यीय यात्रियों की निरंतर टेस्टिंग हेतु निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन तथा अंतर्राज्यीय नाकों पर जांच सख्त की जाए और पॉजिटिव पाए जाने वाले मरीजों को निकट के कोविड केअर सेंटर में भर्ती करायें। ग्रामीण क्षेत्रों में मितानिनों द्वारा कोरोना सघन सामुदायिक एक्टिव सर्वे करने एवं उन्हें प्रोफिलेट्री किट उपलब्ध कराने हेतु सभी एसडीएम एवं बीएमओ को निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों की भी वीडियो कॉल के जरिये मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में चरचा, मनेंद्रगढ़ एवं चिरमिरी में कोविड केअर सेंटर की शुरुआत की जा चुकी है। सभी सीएचसी में भी तैयार आइसोलेशन वार्ड को एक्टिव करें जहां कोरोना संक्रमण के अलावा गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीजों को आइसोलेट रखा जा सके। उन्होंने जिले में कन्टेनमेंट जोन अवधि में निर्धारित नियमों के पालन की जानकारी लेते हुए सभी स्ट्रीट वेंडरों का एंटीजन टेस्ट कराए जाने के संबंध में निर्देश दिए। मोबाइल मेडिकल यूनिट के द्वारा टेस्ट किया जाएगा।
मनरेगा संबंधित कार्यों पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिये मनरेगा संबंधी निर्माण कार्य कन्टेनमेंट जोन को छोड़कर शेष स्थानों पर जारी रहेंगे। उन्होंने सभी सीईओ जनपद पंचायत को निर्देशित किया कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कार्य संपादित किये जायें। वीसी में कलेक्टर ने जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से भी सावधानी बरतने की अपील की है जिससे इस महामारी के समय मे आमजन को आवश्यक सुविधा प्राथमिकता से उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जा सके।
as

+ There are no comments
Add yours