➡️ कलेक्ट्रेट में एसपी कलेक्टर और सोनहत में एडिशनल एसपी एडीएम ने की शांति समिति की बैठक

सोनहत थाना क्षेत्र के अंतर्गत 09 से 11 जून तक ग्राम सोनहत स्थित हजरत बाबा भोलन शाह मजार कमेटी के द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी तीन दिवसीय उर्स कार्यक्रम का आयोजन स्टेडियम ग्राउंड सोनहत में किया जा रहा है जिसके मद्देनजर कार्यक्रम को शांतिपूर्वक तरीके से सम्पन्न कराने हेतु कोरिया पुलिस द्वारा सुदृढ़ व्यवस्था लगाई गई है।

पुलिस अधीक्षक कोरिया सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर सम्पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की प्रभारी अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरिया श्रीमती मोनिका ठाकुर को बनाया गया है। उनके सहायतार्थ उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती कविता ठाकुर, श्याम मधुकर, नेलशन कुजूर, राजेश साहू एवं जे. पी. भारतेन्दु इत्यादि वरिष्ठ राजपत्रित अधिकारियों को रखा गया है।

उपरोक्त सुरक्षा व्यवस्था को तीन जोन में बांटा गया है। जिसमे जोन 1 को दरगाह व्यवस्था एवं संदल/चादर व्यवस्था, जोन 2 को कव्वाली कार्यक्रम स्थल स्टेडियम ग्राउंड एवं जोन 3 को यातायात/पार्किंग/ड्राप गेट/बैरियर व्यवस्था को बनाया गया है। कार्यक्रम के दौरान साम्प्रदायिक सौहार्द, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु तीनो जोन के अंतर्गत विभिन्न स्थानो पर पुलिस अधिकारियो / कर्मचारियों की ड्युटी लगाई गई है। इसी प्रकार कार्यक्रम स्थल स्टेडियम ग्राउंड में भी मंच के पास, व्ही.आई.पी. सेक्टर, पब्लिक सेक्टर महिला एवं पुरुष, मेला स्थल जैसे स्थानों पर भी सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। इसी प्रकार यातायात, पार्किंग, ड्राप गेट एवं बैरियर व्यवस्था में भी सुरक्षा जवानो को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त थाना सोनहत में QRT एवं रिज़र्व बल को भी तैनात रहने हेतु निर्देशित किया गया है।

किसी भी प्रकार की अव्यवस्था ना हो इस हेतु कोरिया पुलिस द्वारा मजार के पास एवं कव्वाली स्थल के पास कुल 02 स्थानों पर सहायता केंद्र स्थापित किये गए है। एसपी कोरिया ने निर्देश दिए है कि मस्जिदों, ईदगाहों एवं नमाज पढ़ने के विशेष स्थानों पर किसी प्रकार की अशांति न हो इसका भी ध्यान रखा जावे। साम्प्रादायिक, असामाजिक एवं रूढ़िवादी तत्वों पर सूक्ष्म निगाह रखी जावे एवं महिलाओं के साथ कोई अभद्र व्यवहार न हो इसका पूर्ण ध्यान रखा जाये। आयोजनों के दौरान होने वाली भीड़ का आंकलन कर समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, धार्मिक/साम्प्रदायिक उन्माद फैलाने वाले नारेबाजी पर अंकुश रखने एवं लोगों के आवागमन को दृष्टिगत रखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।

गौरतलब है कि सोनहत के अतिरिक्त बैकुंठपुर में हजरत बाबा आतिश शाह वली रहमतुल्ला अलैह सलाना उर्स के अवसर पर अंजुमन इस्लाहुल मूसलेमीन कमेटी बैकुंठपुर के द्वारा पैलेस के सामने बाजार ग्राउंड में दिनांक 07 जून एवं 08 जून 2024 दो दिवसीय उर्स कार्यक्रम के लिए भी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुदृढ़ क़ानून व्यवस्था, यातायात बंदोबस्त एवं सुरक्षा प्रबंध कर तीन जोन में सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है। दोनों कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाए इस हेतु कोरिया पुलिस प्रतिबद्ध है, जिस हेतु पुलिस अधिकारियो / कर्मचारियों को ड्यूटी में तैनात किया गया है। उल्लेखनीय है कि इस संबंध में कलेक्ट्रेट में एसपी कलेक्टर और सोनहत में एडिशनल एसपी एडीएम ने पहले ही शांति समिति आयोजन समिति की संयुक्त बैठक ले ली है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours