शासकीय माध्यमिक शाला कुड़ेली में साइंस लर्निंग सेंटर एवं डिजिटल क्लास का हुआ शुभारंभ
बैकुंठपुर।
छाओ में वैज्ञानिक दृष्टिकोण लाने, तार्किक मन विकसित करने, नवाचारी सोच को बढ़ाने एवं छात्रों मे शोध के प्रति रुचि जागृत करने के साथ-साथ डिजिटल शिक्षा के माध्यम से शिक्षा मे गुणवत्ता लाने हेतु कोरिया कलेक्टर के निर्देशन मे जिला शिक्षा विभाग कोरिया और ब्रेकथू साइंस सोसाइटी कोरिया के संयुक्त तत्वावधान में जिले के समस्त माध्यमिक शालाओ मे साइंस लर्निंग सेंटर का शुभारंभ किया जा रहा है । इसी तारतम्य मे 13 अगस्त को शासकीय माध्यमिक शाला कुड़ेली मे साइंस लर्निंग सेंटर और डिजिटल क्लास का शुभारंभ किया गया । कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कोरिया कलेक्टर रोक्तिमा यादव रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर एवं अपर कलेक्टर सुरेंद्र प्रसाद वैद्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी कोरिया जितेंद्र गुप्ता ने की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संकुल प्राचार्य अमिता त्रिवेदी, संकुल समन्वयक वीरेंद्र राजवाड़े , एस.आर. जैस्मिन, पवित्री कुजूर प्रधान पाठक, अनिल पैकरा प्रधान पाठक प्राथमिक शाला कुड़ेली, मधु बंसरी सहायक शिक्षक, समायन कंवर व्याख्याता, अशोक पटेल प्रधान पाठक, मृदुला जायसवाल, ब्रेकथू साइंस सोसाइटी कोरिया से कमल डड़सेना व्याख्याता, अमरनाथ सिंह (शिक्षक), ताहिरा बानो (शिक्षिका), नीतू कुशवाहा (शिक्षिका) का महत्वपूर्ण योगदान रहा । अनिल दास (विज्ञान शिक्षक) ने कार्यक्रम का संचालन किया ।

बच्चों ने प्रस्तुत किए विज्ञान के प्रयोग एवं मॉडल
साइंस लर्निंग सेंटर के उद्घाटन अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक अवधारणाओं पर आधारित प्रयोग एवं मॉडल प्रस्तुत किए। बच्चों ने स्वयं प्रयोग करके उनके पीछे छिपे वैज्ञानिक सिद्धांतों को अतिथियों के समक्ष सरल भाषा में समझाया। मॉडल प्रदर्शन में वायुदाब पर चाँदनी, सुर्यग्रहण एवं चन्द्रग्रहण पर प्राची, न्यूटन का तृतीय नियम पर आकाश ठाकुर, ऑक्सीजन जलने में सहायक है पर माही, टपक सिंचाई पर कु लक्ष्मी, उत्प्लावन बल पर सुरेंद्र, त्रिकोण पर स्वाति, घातांक के नियम पर ु प्रियंका जनरेटर पर नागेंद्र के द्वारा प्रयोग करके दिखाया गया। इन प्रयोगों एवं मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने विज्ञान को केवल किताबों तक सीमित न रखकर करके सीखने और समझने का उदाहरण प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुति में उनकी वैज्ञानिक जिज्ञासा, आत्मविश्वास एवं नवाचारी सोच स्पष्ट दिखाई दी।
डिजिटल क्लास का भी हुआ शुभारंभ
विद्यालय में डिजिटल क्लास के शुभारंभ से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल संसाधनों के माध्यम से विषयों को सरल, रोचक एवं प्रभावी ढंग से समझने का अवसर मिलेगा। साइंस लर्निंग सेंटर और डिजिटल क्लास के माध्यम से प्रयोगात्मक एवं तकनीकी शिक्षा को कक्षा-कक्ष से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के जन्मदिन पर हुआ न्योता भोज
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के सौजन्य से उनके जन्मदिन के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया गया। श्री राठौर ने अपने जन्मदिन को बच्चों के साथ साझा करते हुए उन्हें भोजन कराया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली। उपस्थित सभी अतिथियों एवं विद्यालय परिवार ने पुलिस अधीक्षक श्री हरीश राठौर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा बच्चों के साथ जन्मदिन मनाने और न्योता भोज आयोजित करने की इस पहल की सराहना की।
अतिथियों द्वारा किया गया वृक्षारोपण
पर्यावरण को बचाने एवं ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ते खतरों को देखते हुए इस कार्यक्रम के अवसर पर अतिथिओ के द्वारा पौधा रोपड़ किया गया । मुख्य अतिथि कलेक्टर ने विद्यार्थियों को विज्ञान को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखते हुए प्रयोग, अवलोकन, प्रश्न पूछने और स्वयं करके सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने साइंस लर्निंग सेंटर जैसी पहल को बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने अतिशीघ्र जिले के समस्त विद्यालयों मे साइंस लर्निंग सेंटर की स्थापना करने के निर्देश दिए । उन्होंने जिला शिक्षा विभाग और ब्रेकथू साइंस सोसाइटी के सयुक्त प्रयास से किए जा रहे इस पहल की सराहना की ।


+ There are no comments
Add yours