बारिश ने रोकी कुश्ती की दंगल, रजनीश पहलवान ने अमर पहलवान को दी शिकस्त

Estimated read time 1 min read

प्रेमाबाग में स्व. रामधनी गुप्ता ‘गुल्लू भईया’ की स्मृति में अखिल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता, मुकाबले देखने उमड़ी भीड़

बैकुंठपुर।

कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्व. रामधनी गुप्ता ‘गुल्लू भईया’ की स्मृति में प्रेमाबाग परिसर में आयोजित अखिल भारतीय पुरुष एवं महिला कुश्ती प्रतियोगिता में शनिवार को जोरदार मुकाबला देखने को मिला। प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में उत्तर प्रदेश के लखनऊ से आए अमर पहलवान और फिरोजाबाद के रजनीश पहलवान आमने-सामने हुए। दोनों पहलवानों के बीच निर्धारित 13 मिनट के मुकाबले में रजनीश पहलवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। मुकाबला समाप्त होने में करीब तीन मिनट का समय शेष था, तभी रजनीश ने अमर पहलवान को शिकस्त दे दी। कुश्ती मुकाबला देखने के लिए दोपहर से ही प्रेमाबाग परिसर में खेलप्रेमियों की भीड़ जुटने लगी थी। पहलवानों के दांव-पेंच देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह नजर आया। जैसे ही दोनों पहलवान मैदान में उतरे, दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ उनका स्वागत किया। मुकाबले के दौरान दोनों पहलवानों ने कई शानदार दांव आजमाए, लेकिन रजनीश पहलवान ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम कर ली। आयोजन स्थल पर आयोजक सीए प्रशांत गुप्ता के साथ क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नेता भी मौजूद रहे। अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता होने के कारण बैकुंठपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में खेलप्रेमी प्रेमाबाग पहुंचे हैं।

अचानक बदला मौसम, रोकना पड़ा मुकाबला

पहली कुश्तियों के बाद अचानक मौसम ने करवट ली और प्रेमाबाग परिसर में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण कुश्ती के मुकाबलों को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। बारिश से बचने के लिए कई दर्शक प्रेमाबाग मंदिर परिसर में बने शेड की ओर चले गए, जबकि बड़ी संख्या में लोग मैदान में ही डटे रहे और बारिश थमने का इंतजार करते नजर आए। बारिश के बीच भी आयोजन में शामिल पहलवानों का उत्साह कम नहीं हुआ। कई पहलवान मैदान में ही मस्ती करते और मौसम का आनंद लेते नजर आए। वहीं आयोजकों द्वारा मैदान की स्थिति सामान्य होने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि प्रतियोगिता को दोबारा शुरू कराया जा सके।

दो दिवसीय प्रतियोगिता को लेकर उत्साह

आयोजकों के अनुसार मौसम साफ होने और मैदान कुश्ती के लिए अनुकूल होने के बाद मुकाबलों को पुनः शुरू कराया गया। दो दिवसीय अखिल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग क्षेत्रों से पुरुष एवं महिला पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान प्रेमाबाग परिसर में खेलप्रेमियों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। कुश्ती के रोमांचक मुकाबलों को लेकर युवाओं सहित हर आयु वर्ग के लोगों में उत्साह बना हुआ है। बारिश के कारण कुछ समय के लिए मुकाबले जरूर थमे, लेकिन दर्शकों और पहलवानों का उत्साह बरकरार है। मौसम अनुकूल होते ही एक बार फिर प्रेमाबाग का अखाड़ा पहलवानों के दांव-पेंच और दर्शकों की तालियों से गूंजने की उम्मीद है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours