श्रावण में शिव भक्तों ने लिया भव्य महादेव मंदिर निर्माण का संकल्प, पूजा-अर्चना के साथ हुआ शिला पूजन

Estimated read time 1 min read

सोनहत।

श्रावण मास के पावन अवसर पर सोनहत स्थित सोनेश्वर महादेव में आस्था, श्रद्धा और सनातन एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। सनातन गौरव मंच के संयोजक मनोज साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिव भक्तों एवं सनातन प्रेमियों ने भगवान महादेव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भव्य महादेव मंदिर निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर मंदिर निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए विधिवत शिला पूजन भी संपन्न किया गया।

श्रावण मास में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूजा-अर्चना के पश्चात उपस्थित शिव भक्तों ने जनसहयोग से भव्य मंदिर निर्माण के संकल्प को पूर्ण करने का प्रण लिया। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा परिसर शिवमय हो उठा।

पिछले वर्ष सावन में हुआ था नामकरण एवं भूमिपूजन

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष सावन मास में इसी स्थान पर भगवान महादेव के मंदिर के निर्माण की आधारशिला रखी गई थी। उस समय जिला पंचायत सदस्य शिव कुमारी सोनपाकर जी जनपद अध्यक्ष आशा देवी सोनपाकर जी, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजाराम राजवाड़े जी, ईश्वर राजवाड़े जी, जनपद सदस्य आलेश्वरी गौतम जी सोनिया राजवाड़े जी सहित सनातन गौरव मंच के सदस्यों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में शंकर मंदिर का विधि-विधान से नामकरण किया गया था।

सभी की सहमति और श्रद्धा के साथ मंदिर को “सोनेश्वर महादेव” नाम दिया गया। इसी अवसर पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए विधिवत भूमिपूजन भी संपन्न किया गया था। पिछले वर्ष भूमिपूजन एवं नामकरण से शुरू हुई यह धार्मिक यात्रा अब शिला पूजन और मंदिर निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ अगले चरण में पहुंच गई है।

सभी 104 गांवों की होगी सहभागिता

सनातन गौरव मंच के संयोजक मनोज साहू ने बताया कि मंदिर निर्माण को व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाया जा रहा है। इसके लिए तहसील स्तर पर मंदिर निर्माण समिति का गठन पिछले वर्ष ही कर लिया गया था। इसके बाद गांव-गांव में मंदिर निर्माण समितियों के गठन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई, जिसमें कई गांवों में समितियों का गठन पूर्ण हो चुका है।

उन्होंने बताया कि शीघ्र ही सोनहत क्षेत्र के सभी 104 गांवों में मंदिर निर्माण समितियों का गठन कर लिया जाएगा। इन समितियों के माध्यम से प्रत्येक गांव और प्रत्येक सनातन परिवार को मंदिर निर्माण के इस पुनीत कार्य से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

लगभग 25 लाख रुपये की न्यूनतम लागत से बनेगा भव्य मंदिर

मनोज साहू ने कहा कि सोनेश्वर महादेव का मंदिर केवल एक धार्मिक निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्र की आस्था, सनातन संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का प्रमुख केंद्र बनेगा। मंदिर के भव्य निर्माण में लगभग 25 लाख रुपये की न्यूनतम लागत आने का अनुमान है।

उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण किसी एक व्यक्ति अथवा संस्था का नहीं, बल्कि पूरे सोनहत क्षेत्र के सनातन समाज का संकल्प है। क्षेत्र के प्रत्येक सनातन परिवार का छोटा-बड़ा सहयोग मंदिर निर्माण में लिया जाएगा। सभी 104 गांवों की सहभागिता से इस अभियान को व्यापक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

महादेव की स्थापना के लिए संघर्ष गौरव का विषय

इस अवसर पर सनातन प्रेमियों ने कहा कि महादेव की स्थापना के लिए सनातन गौरव मंच और सोनहत क्षेत्र के सनातन प्रेमियों ने जिस प्रकार एकजुट होकर संघर्ष किया, वह हम सभी के लिए गौरव का विषय है। श्रद्धालुओं की आस्था, धैर्य और निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप आज सोनेश्वर महादेव क्षेत्र की धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित हो रहे हैं।

जिस एकजुटता और दृढ़ संकल्प के साथ महादेव की स्थापना के लिए प्रयास किया गया, उसी भावना से अब भव्य मंदिर निर्माण के संकल्प को भी साकार किया जाएगा। गांव-गांव के श्रद्धालुओं को जोड़कर मंदिर निर्माण को जन-जन का धार्मिक एवं सांस्कृतिक अभियान बनाने की तैयारी है।

शिव भक्तों और युवाओं में दिखा उत्साह

शिला पूजन एवं मंदिर निर्माण संकल्प के अवसर पर रमेश तिवारी जी दिलीप राजवाड़े टिकेश्वर राजवाड़े जी उमा राजवाड़े जी रामू राजवाड़े जी कृष्णा साहू जी अनिकेत राजवाड़े जी सुभाष सोनपाकर जी जय प्रकाश साहू जी योगेश्वर राजवाड़े जी संतोष साहू जी नरेंद्र राजवाड़े जी सत्य कुमार राजवाड़े जी चित्र कांत राजवाड़े जी प्रियांशु कुमार साहू जी मंगला राजवाड़े जी बड़ी संख्या में सोनहत क्षेत्र के सनातन प्रेमी, शिव भक्त, युवा एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। युवाओं ने विशेष उत्साह के साथ मंदिर निर्माण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा गांव-गांव तक इसका संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।

पिछले वर्ष सावन में “सोनेश्वर महादेव” के नामकरण और भूमिपूजन से प्रारंभ हुई यह यात्रा इस वर्ष श्रावण में शिला पूजन और भव्य मंदिर निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ आगे बढ़ी है। अब सोनहत के 104 गांवों और सनातन परिवारों के सहयोग से सोनेश्वर महादेव के भव्य मंदिर निर्माण के संकल्प को साकार करने की तैयारी है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours