भांडी में नाली निर्माण की जांच अधूरी, 2 अक्टूबर को शिकायतकर्ता व निर्माण एजेंसी की मौजूदगी में फिर होगी जांच

Estimated read time 1 min read

आरईएस के मुख्य कार्यपालन अभियंता, एसडीओ व अभियंता पहुंचे मौके पर, नाली के ढक्कन हटाकर निर्माण की स्थिति देखा

बैकुंठपुर।

बैकुंठपुर जनपद के ग्राम पंचायत भांडी में जिला पंचायत के 15वें वित्त मद से जिला पंचायत सदस्य की अनुशंसा पर कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच गुरुवार को विभागीय जांच टीम मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता महेन्द्र की शिकायत के बाद ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के मुख्य कार्यपालन अभियंता, बैकुंठपुर एसडीओ सहित संबंधित अभियंता ने स्थल का निरीक्षण किया। नाली निर्माण को लेकर पूर्व में लगातार खबरें प्रकाशित हुई थीं। खबरों में निर्माण कार्य के लेआउट सहित धरातल पर कार्य की स्थिति को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसके बाद मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में भी की गई, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों ने स्थल जांच की।

जांच के दौरान शिकायतकर्ता और विभागीय पक्ष के बीच कुछ बिंदुओं पर सहमति नहीं बन सकी। बताया गया कि एसडीओ द्वारा नाली के ढक्कन हटाकर अंदर किए गए निर्माण की स्थिति देखने की प्रक्रिया भी शुरू की गई थी। हालांकि जांच के दौरान निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौके पर उपस्थित नहीं हो सके। ऐसे में जांच को पूरी तरह आगे बढ़ाने के लिए अधिकारियों ने शिकायतकर्ता और निर्माण एजेंसी की मौजूदगी में दोबारा जांच करने का निर्णय लिया है। अधिकारियों के अनुसार 2 अक्टूबर को सुबह 10 बजे तक पुनः स्थल जांच की जाएगी। इस दौरान निर्माण एजेंसी की मौजूदगी में नाली के ढक्कन हटाकर निर्माण की वास्तविक स्थिति, उपयोग की गई सामग्री, सरिया, तकनीकी मापदंड और अन्य संबंधित बिंदुओं का निरीक्षण किया जाएगा। मौके से मिली जानकारी के अनुसार नाली निर्माण से पूर्व निर्धारित लेआउट नहीं किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। वहीं जांच के दौरान मोहल्ले के एक व्यक्ति से भी जानकारी ली गई, जिसने नाली में चार सरिया डाले जाने की बात बताई।

अब 2 अक्टूबर को होने वाली जांच के बाद ही निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति और तकनीकी मापदंडों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। शिकायतकर्ता सहित ग्रामीणों की नजर जांच के निष्कर्ष और विभागीय रिपोर्ट पर टिकी हुई है। कार्यालय कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग बैकुंठपुर कोरिया के पत्र के अनुसार गुरुवार को महेंद्र पनिका ग्राम भांडी जनपद बैकुंठपुर के द्धारा सीएम हेल्पलाइन 1076 पर प्राप्त शिकायत की जॉत्र के लिए आरएस विभाग की टिम भाडी में मौके पर पहुॅची।

शिकायतकर्ता ने बताया कि विषयान्तर्गत लेख है की सीएम हेल्पलाइन 1076 पर प्राप्त शिकायत टोकन क्र.डब्लूपी 260800167180-26.08.2026 एवं डब्लूपी 260900207150-26.09.2026 में ग्राम पंचायत भांडी में जिला पंचायत सदस्य निधि से निर्मित नाली निर्माण में अनियमितता एवं घटिया निर्माण कार्य की शिकायत उसके द्धारा की गई थी। उक्त शिकायत के संबंध में संबंधित कार्य का स्थल निरीक्षण एवं जांच किया जाना है जिसके संबंध में गुरुवार को विभाग की टिम मौके पर पहुॅची।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours