बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान अर्नब, हाई अलर्ट पर कोरिया, दिखेगा असर
बैकुंठपुर।
कोरिया जिले में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र और गहरा होकर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ समेत जिले में बारिश का अलर्ट है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। इसी के चलते सोमवार को मुख्य रूप से शुष्क मौसम रहने का अनुमान है
खाड़ी में सक्रिय मौसमी सिस्टम
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने मौसमी सिस्टम के मजबूत होने से पूर्वी और दक्षिणी भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। पूर्वानुमान के मुताबिक, यह सिस्टम 28 अक्टूबर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम के तटों की ओर बढ़ सकता है। इसके असर से आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।
27 अक्टूबर से बदलेगा मौसम
छत्तीसगढ़ समेत जिले में सोमवार को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के बाद मंगलवार 27 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
कोरिया जिले में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान है। मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कोरिया कलेक्टर कोरिया ने जल संसाधन, कृषि, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग सहित नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों के अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए पहले से आवश्यक तैयारियां और समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है। बिजली, लोक निर्माण और वन विभाग के अधिकारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने आमजन से जलभराव वाले स्थानों से बचने तथा पानी बहने की स्थिति में नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की है। किसानों को फसलों की कटाई और उपज के सुरक्षित भंडारण की योजना बनाते समय स्थानीय मौसम पूर्वानुमान का ध्यान रखने की सलाह दी गई है। कलेक्टर ने वाहन चालकों और वाहन मालिकों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने संभावित भारी वर्षा के दौरान सतर्कता के साथ वाहन चलाने और जलमग्न मार्गों से गुजरने से बचने को कहा है। बुलेटिन के अनुसार, यह प्रणाली 28 अक्टूबर के पूर्वाह्न में आंध्र प्रदेश और यानम के तटों को बापटला तथा विशाखापत्तनम के बीच अत्यंत प्रबल चक्रवाती तूफान के रूप में पार कर सकती है। तट पार करते समय अधिकतम निरंतर हवा की गति 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों में 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। हवा की यह गति तटीय क्षेत्र के लिए बताई गई है। छत्तीसगढ़ के लिए जारी पूर्वानुमान में दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों में अलग-अलग दिनों में तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई है।




+ There are no comments
Add yours