गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने 27 को तहसील स्तर पर शुरु किया जायेगा अभियान
बैकुंठपुर।
बैकुंठपुर समेत कोरिया जिले में गौ माता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए राष्ट्रव्यापी गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक गौ भक्तों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जागरूक नागरिकों ने अभियान की रणनीति पर चर्चा की। इस सबंध में जानकारी देते हुए गौ सेवा आयोग के जिलाध्यक्ष रेवा यादव ने बताया कि सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 27 अप्रैल को देशभर के साथ जिले में गौ सम्मान दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच गौ भक्त और आमजन अपने-अपने तहसील मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण तरीके से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
ज्ञापन के माध्यम से गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ माता की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण के लिए सशक्त कानून बनाने तथा उन्हें राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग की जाएगी। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि गौ माता भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक हैं, जिनके संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाना आवश्यक है।
इस अभियान के तहत देशभर में व्यापक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। इसमें हजारों लोग अपनी सहमति दर्ज करा चुके हैं। इन हस्ताक्षरित प्रतियों को 27 अप्रैल को सौंपे जाने वाले ज्ञापनों के साथ संलग्न किया जाएगा, ताकि सरकार तक जनभावनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
रवा यादव ने बताया कि यह अभियान गौ सम्मान आह्वान अभियान किसी एक संगठन या संस्था की पहल नहीं है, बल्कि यह संत समाज, गौ भक्तों और जागरूक नागरिकों की स्वैच्छिक पहल है। दिसंबर 2025 में शुरू हुआ यह अभियान अप्रैल 2026 तक प्रचार-प्रसार के चरण में रहेगा। देश की करीब 5000 तहसीलों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।
बैठक के अंत में गौ भक्तों ने सभी सनातनी समाज, गौ प्रेमियों और आम नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने हस्ताक्षर अभियान में भाग लेने और 27 अप्रैल को अपने नजदीकी तहसील मुख्यालय पर पहुंचकर गौ माता के सम्मान में आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।




+ There are no comments
Add yours