साहित्य ही समाज की दिशा का निर्धारण करता है – श्याम बिहारी जायसवाल

Estimated read time 1 min read

कोरिया साहित्य महोत्सव जल्द होगा संस्कृति विभाग का आयोजन…….कैबिनेट मंत्री ने कोसम चतुर्थ संस्करण का किया औपचारिक शुभारंभ

बैकुंठपुर ।

कोरिया जिले में साहित्य का महाकुंभ कोरिया साहित्य महोत्सव शनिवार शाम झुमका ओपन थियेटर में प्रारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कोरिया साहित्य महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया। शुभारंभ अवसर पर जिले की प्रशासनिक प्रमुख कलेक्टर कोरिया रोक्तिमा यादव, दक्षिण पूर्व कोयला प्रक्षेत्र के बैकुंठपुर महाप्रबंधक नरेश प्रसाद, अंचल के वरिष्ठ साहित्यकार वीरेंद्र श्रीवास्तव और देवेंद्र तिवारी के विशिष्ट आतिथ्य में लोक कला, संस्कृति और साहित्य का दो दिवसीय महाकुंभ का चतुर्थ संस्करण पूरे उल्लास के साथ शुरू हुआ। इस अवसर पर पूरे प्रदेश के दर्जनों साहित्यकार, संस्कृति धर्मी, कवि, प्रशासनिक अधिकारी और कलाप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कोसम साहित्य और संस्कृति का अनूठा उत्सव

कोरिया साहित्य महोत्सव में पधारे केबिनेट मंत्री श्याम बिहारी ने मुख्य अतिथि की आसंदी से अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा साहित्य से समाज की दिशा तय होती है। साहित्यधर्मियों और कलाकारों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे समाज में साहित्यकार हमेशा जन चेतना जगाकर लोकहित का मार्ग दिखाता है और सद साहित्य वर्तमान के साथ ही भविष्य में आने वाली पीढ़ी का भी मार्ग प्रशस्त करता है। श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कोरिया साहित्य महोत्सव तेजी से पूरे प्रदेश में अपनी एक विशिष्ट पहचान बना रहा है। संस्कृति और लोक कलाओं के प्रदर्शन के साथ साहित्य की पावन धारा को आगे बढ़ाने के लिए पूरी टीम अभिव्यक्ति का कार्य उल्लेखनीय है। उन्होंने संस्कृति विभाग की सहभागिता से यह आयोजन नियमित रूप से आयोजित कराए जाने हेतु हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

प्रतिभाओं को निखारने का अवसर

कोसम के चौथे संस्करण में उपस्थित कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि साहित्य महोत्सव के आयोजन से अनेक छुपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्राप्त होता है। इस दृष्टि से कोसम जैसे आयोजन अपने आप में विशिष्ट भूमिका निभा रहे हैं। जहां ख्याति प्राप्त साहित्य धर्मी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर रहे हैं और नई पीढ़ी को इससे सीखने का अनुभव प्राप्त हो रहा है। कोरिया साहित्य महोत्सव में विविध विषयों पर आयोजित सभी कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्होंने अपनी शुभकामनाएं प्रदान की।

एसईसीएल सहयोग हेतु सदैव तत्पर

कोसम शुभारंभ अवसर पर उपस्थित एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक नरेश प्रसाद ने कहा कि आयोजन के प्रथम वर्ष से ही एसईसीएल इस आयोजन में अपनी हिस्सेदारी निभा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में खेल, कला संस्कृति और साहित्य से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि में एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र हमेशा सहयोगी बनकर प्रोत्साहन के लिए हर संभव मदद करने हेतु हमेशा तैयार है। उन्होंने कोसम के आयोजन के चार वर्ष पूर्ण करने पर आयोजकों को बधाई और शुभकामनाएं प्रदान की।

लोककला, साहित्य, परिचर्चा और काव्य पाठ

कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा ओपन थियेटर में दीप प्रज्ज्वलित कर कोसम चतुर्थ संस्करण के प्रथम दिवस कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। प्रथम दिवस प्रदेश के 38 कवियों ने काव्यपाठ किया। पांच स्थानीय कलाकारों, सुंदरपुर विद्यालय और कन्या महाविद्यालय के छात्र छात्राओं ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शमा बाँध दिया। इसके बाद शिक्षा को लेकर जितेंद्र गुप्ता, स्वास्थ्य पर सिविल सर्जन डॉ आयुष जायसवाल और साइबर क्राइम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने विशिष्ट परिचर्चा सत्र में विषय विशेषज्ञों ने अपनी विभागीय गतिविधियों पर जानकारी देते हुए जन सहभागिता के लिए विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में लोकरंग की प्रस्तुति देने के लिए दुर्ग से आई डॉ. ऊषा साहू ग्रुप ने देर रात तक दर्शकों को हंसाया।

विशिष्ट जनों की उपस्थिति

आयोजन के प्रथम दिवस अविभाजित कोरिया जिले से वरिष्ठ साहित्यकार वीरेंद्र श्रीवास्तव, सतीश उपाध्याय, सुंदर लाल तिवारी, डॉ. राजकुमार शर्मा, दीपिका नेताम, तहसीलदार पटना रोशनी तिर्की, तहसील दार बैकुंठपुर प्रांजल मिश्रा, चंद्रा चर्चित, ललित शुक्ला, राजेंद्र सोनी, डॉ. एम सी हिमधर, रायपुर से आशीष राज सिंघानिया, हर्षराज हर्ष, सुनील शर्मा, आयुष नामदेव, तारा पाण्डे, अलीशा शेख, भावेश देशमुख, योगेश गुप्ता, हरिकांत अग्निहोत्री, विनय तिवारी, मिराज अली सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार संस्कृति धर्मी, स्थानीय कलाकारों के साथ साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours