स्व. चौहान एक जागरूक जनप्रतिनिधि, कुशल संगठनकर्ता और सबको साथ लेकर चलने वाले राजनेता थे – साय
तहकीकात न्यूज @ वेब डेस्क . रायपुर
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई ने मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और खंडवा के सांसद नंदकुमार चौहान जी के देहावसान पर गहन शोक व्यक्त करते हुए इसे पार्टी की अपूरणीय क्षति बताया है। प्रदेश भाजपा ने कहा कि स्व. चौहान एक जागरूक जनप्रतिनिधि, कुशल संगठनकर्ता और सबको साथ लेकर चलने वाले राजनेता थे। विदित रहे, कोरोना संक्रमण से पीड़ित खंडवा के भाजपा सांसद चौहान ने मंगलवार सुबह नई दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम साँसें लीं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा की राजनीतिक और वैचारिक चिंतनधारा को सर्व-स्वीकार्य बनाकर पार्टी के जनाधार को बढ़ाने में जिस संगठन कौशल और समर्पण व ध्येय-निष्ठा का परिचय स्व. चौहान ने दिया, उसकी मिसाल दी जाती रहेगी। जिससे भाजपा के कार्यकर्ता हमेशा प्रेरित होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा को ज़मीनी ताक़त और जन-जन तक राजनीतिक विस्तार देने में स्व. चौहान के योगदान को कभी विस्मृत नहीं किया जा सकता। उनके निधन को अपनी व्यक्तिगत क्षति बताते हुए डॉ. सिंह ने स्व. चौहान के परिजनों के प्रति अपनी गहन संवेदना व्यक्त की है। भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने अपनी श्रद्धांजलि देते हुए स्व. चौहान को एक कुशल संगठनकर्ता बताया और कहा कि पार्टी को मज़बूत बनाने के उनके अथक प्रयासों ने पार्टी को आज मध्यप्रदेश में पराक्रमी राजनीतिक दल के रूप में स्थापित किया है। प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री पवन साय ने भी चौहान परिवार के प्रति अपनी गहन संवेदना व्यक्त की है और कहा कि अविभाजित मध्यप्रदेश में उन्होंने कठोर राजनीतिक संघर्ष के दौर में भाजपा के राजनीतिक तेवर को धारदार बनाए रखने में कोई क़सर बाकी नहीं रखी थी। पार्टी उनके संगठन कौशल और परिश्रम से पराक्रम तक के राजनीतिक योगदान का उदाहरण देती रहेगी। प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि अपनी राजनीतिक ऊँचाइयों पर पहुँचकर भी स्व. चौहान एक आदर्श कार्यकर्ता की मर्यादा से बंधे रहकर पार्टी के विस्तार के लिए समर्पित रहे। उनका संपूर्ण जीवन निस्पृह जनसेवा को समर्पित रहा। उनका निधन पार्टी के साथ-साथ हम सभी की व्यक्तिगत क्षति भी है।
as

+ There are no comments
Add yours