कन्या महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में बैकुण्ठपुर विधायक ने की घोषणा
शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय बैकुण्ठपुर में में वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में लोकप्रिय विधायक बैकुण्ठपुर भैयालाल राजवाड़े, अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नगर पालिका परिषद बैकुण्ठपुर की अध्यक्ष नविता शिवहरे शामिल हुए। सर्वप्रथम वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
समारोह के अगले चरण में महाविद्यालय की प्राचार्य द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया गया। तत्पष्चात महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रंजना नीलिमा कच्छप ने महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन समस्त अतिथियों, छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के मध्य प्रस्तुत किया। जिसमें उन्होंने बताया कि यह महाविद्यालय वर्ष 2007 में 23 छात्राओं के साथ प्रारंभ हुआ और इस सत्र 1042 छात्राएं महाविद्यालय मे अध्ययनरत हैं। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली छात्राओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत करने तथा उन्हें पूरे जोश के साथ पढ़ाई कर विश्वविद्यालय के अंकतालिका में अपना नाम दर्ज कराने की बात कही। इस दौरान एम.एससी. प्राणीशास्त्र प्रथम सेमेस्टर की छात्रा कु. अदिति गुप्ता ने महाविद्यालय में प्रथम वर्ष से अब तक के अपने अनुभव साझा किया तथा मुख्य अतिथि श्री राजवाड़े से संगीत एवं तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने हेतु महाविद्यालय के लिए 15 कम्प्यूटर, 10 हारमोनियम एवं 10 तबला की मांग की।
मुख्य अतिथि भैयालाल राजवाड़े ने वार्षिकोत्सव समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं की मांग पर छात्राओं को संगीत एवं तकनीकी शिक्षा प्रदान करने हेतु महाविद्यालय को 15 कम्प्यूटर, 10 हारमोनियम एवं 10 तबला तथा महाविद्यालय में स्नातकोत्तर स्तर पर प्रारंभ हुए नवीन कक्षाओं के लिए 10 अतिरिक्त कमरे देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हम शिक्षा में आने वाली हर बाधा को दूर करने के लिए सदैव तत्पर हैं। यदि कोई भी समस्या आती है तो बेझिझक मेरे सामने रख सकते हैं उसे दूर किया जायेगा। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन एक अत्यंत ही जोश से भरा हुआ होता है जिसमें युवा यदि चाह ले तो आसमान को भी छू सकता है। छात्राओ के मध्य कुछ परेशानियां भी होती हैं जैसे घरेलू कार्य, सामाजिक रूढ़िवाद आदि के कारण कई छात्राएं शिक्षा से दूर हो जाती हैं। लेकिन अब समाज जागरूक हो रहा है इसी का नतीजा है कि कन्या महाविद्यालय में इतनी बड़ी संख्या में दर्ज और उपस्थित हैं। उन्होंने सभी छात्राओं को मन लगाकर पढ़ने और हर क्षेत्र में अपना, अपने माता पिता और महाविद्यालय का नाम रोशन करने की बात कही। इसी तरह कार्यक्रम के अतिविशिष्ट अतिथि कृष्ण बिहारी जायसवाल, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नविता षिवहरे, सहायक प्राध्यापक डॉ. सुमित कुमार डे, कनकलता पैकरा, वरूण कुमार कुशवाहा ने भी छात्राओं को शिक्षा से जुड़े विभिन्न बारीकियों को बताया और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया।
समारोह में महाविद्यालयीन छात्राओं द्वारा विभिन्न राजस्थानी, पंजाबी, कश्मीरी, नगपुरी, छत्तीसगढ़ी संस्कृति से संबंधित अपने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर उपस्थित अतिथियों, छात्राओं, अभिभावकों एवं स्टॉफ का मन मोह लिया। इसी दौरान वर्ष भर आयोजित निबंध, भाषण, रंगोली, पोस्टर, स्टेज सज्जा, मेहंदी, खेल-कूद, नारा लेखन, स्वीप संबंधी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार स्वरूप 80 मेडल, 370 मोमेन्टो एवं 450 प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिसमें महाविद्यालयीन गतिविधियों में सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने पर लल्ली राजवाड़े, चंदा राजवाड़े, सुहानो राजवाड़े, खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने पर यशोदा राजवाड़े एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट कार्य करने पर यशोदा राजवाडे़ व अंकिता राजवाड़े को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।


+ There are no comments
Add yours