छत्तीसगढ़ में मानसून के प्रवेश के असर से रविवार के बाद सोमवार को कोरिया जिले में बादल छाए रहे और प्री मानसून बारिश के असर से सोमवार को दोपहर में गरज के साथ हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को सुकमा के रास्ते से मानसून ने प्रदेश में प्रवेश किया । वहीं अब अगले तीन से चार दिनों के भीतर मानसून कोरिया को कवर कर लेगा।
इस दौरान कोरिया जिले में सोमवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री दर्ज किया गया। तापमान में अभी भी बढ़त बनी हुई है। लोग चुभती धूप के साथ चिपचिपी उमसभरी गर्मी से हलाकान हैं, लेकिन अब जल्द ही इससे निजात मिलने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि दक्षिण पश्चिम मानसून इस बार अपने निर्धारित समय से 7 दिन पहले ही छत्तीसगढ़ पहुंच चुका है। जो लगातार आगे बढ़ते हुए तीन दिनों में पूरे छत्तीसगढ़ में छा जाएगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि 12 से 13 जून तक इसके कोरिया जिले में पहुंचने की प्रबल संभावना बन रहा है।
इस बार होगी अच्छी बारिश
किसानो के लिए अच्छी खबर है कि मानसून को लेकर इस बार मौसम विभाग ने कहा है कि इस बार अच्छी बारिश होगी। इससे पूर्व एक दशक में यह पहली बार हुआ है जब मई और जून माह में अधिकतम तापमान शीर्ष 45 डिग्री तक पहुंच गया। बहरहाल, अबकी बार मानसून से 13 जून तक तेज गर्मी से राहत मिलने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं। हालांकि उमस में इजाफा होते रहने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी से आ रही है नमी
विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाओं की वजह से छत्तीसगढ़ में मानसून का अच्छा खासा असर देखने को मिलेगा। पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश समेत जिले के कई हिस्सों में हल्की बारिश देखी गई है।

+ There are no comments
Add yours