बैकुंठपुर।
संयुक्त कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आज कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कृषि विस्तार अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर कोरिया ने जिले में कार्यरत सभी कृषि विस्तार अधिकारी से एक एक कर लक्ष्य और उसके अनुसार प्रगति पर जानकारी ली।

अपने पदीय दायित्वों में लापरवाही बरतने वाले बैकुंठपुर जनपद क्षेत्र में कार्यरत सहायक कृषि विस्तार अधिकारी रीता लकड़ा, राकेश पैकरा और अमित लकड़ा के आगामी आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए।

इस बैठक में कलेक्टर कोरिया चंदन त्रिपाठी ने जिले में सभी सहकारी समितियों में खरीफ फसलों की बुआई हेतु किसानों के लिए खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर समिति वार गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए।

कृषि अधिकारियों को पूरे जिले के किसानों को प्रधानमंत्री किसान योजना से जोड़ने के लिए कार्ययोजना बनाकर पंजीयन कार्य करने और संपूर्ण बोनी के प्रस्तावित क्षेत्र में अधिकतम दलहन और तिलहन की फसल लगाने हेतु प्रोत्साहित कर धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान में आयोजित किए जा रहे शिविरों में इन बीजों को वितरित करने के निर्देश दिए। इस बैठक में उप संचालक कृषि, मार्कफेड की जिला विपणन अधिकारी, सहायक पंजीयक सहकारी समिति और जिले भर के वरिष्ठ और सहायक कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours