तेज गर्मी से लोग परेशान…..40 डिग्री पर पहुंचा पारा, बढ़ी उमस, फलों और शीतल पेय पदार्थों की बढ़ी मांग……सीधे धूप के संपर्क में आने से बचे- डॉ. आयुष जायसवाल

Estimated read time 1 min read

बैकुंठपूर।

पिछले लगभग दस दिनों तक गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज काफी गर्म हो गया है विगत दो दिनो से सुबह होते ही तेज धूप और उमस के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। बढ़ती गर्मी से आमजन, खासकर रोजमर्रा की मजदूरी करने वाले गरीब तबके के लोग अधिक परेशान हैं मौसम के बदले तेवर को देखकर लोग गर्मी से भयभीत नजर आ रहे हैं। घरों से बाहर निकलने वाले लोग छांव की तलाश में पेड़ों के नीचे समय बिताने को मजबूर हैं। घरों में भी पंखे की हवा गर्मी से राहत दिलाने में असफल साबित हो रही है ऊपर से बिजली की आंख-मिचौनी ने परेशानी और बढ़ा दी है। ग्रामीण सहित शहरी इलाकों में बार-बार बिजली आने-जाने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है मौसम पूर्वानुमान में पिछले चार दिनों से आंधी-पानी की संभावना जतायी जा रही है, लेकिन इसके विपरीत तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है मई के महीने में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, हालांकि वर्षा और तेज हवा से लोगों को कुछ राहत मिली थी अब फिर उमस भरी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

फलो की मांग बढी

शादी का सीजन होने के बाद भी बाजार में भीड़ कम दिख रही है। गर्मी का असर तेज होते ही मौसमी फलों की मांग बढ़ गई है। सबसे ज्यादा तरबूज, अंगूर, नारियल पानी, संतरे की मांग है। वर्तमान में फलों के राजा आम की आवक कम हो रही है। बाहर से आ रहे आम के दाम ज्यादा होने के बाद भी लोग इन्हें ले रहे है। इसके अलावा अनार, केला, मोसंबी और अंगूर की मांग भी अच्छी है। फल विक्रेताओं ने बताया है कि हर दिन बड़ी संख्या में लोग फलों को लेने आ रहे हैं। कुछ वर्ष पहले तक विभिन्न कंपनियों के शीतल पेय पदार्थों की मांग ज्यादा रहती थी। वहीं अब इनके स्थान पर प्राकृतिक पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है।

शीतल पेय डिमांड अधिक

गर्मी से राहत पाने और सूख रहे कंठ को तर करने के लिए लोग गन्ने का रस, विभिन्न फलों के जूस, लस्सी और नीबू पानी का अधिक उपयोग कर रहे है।यहीं कारण है कि शहर में गर्मी की शुरूआत से ही बड़ी संख्या में इनकी पेय पदार्थों की दुकानें दिखाई दे रही हैं।

सेहत पर असर दिखना शुरू

मौसम में हो रहे बदलाव से लोगों की सेहत पर असर दिखना शुरू हो गया है। वायरल फीवर समेत पेट से संबंधित बीमारियों से लोग पीड़ित होने लगे है। सरकारी अस्पताल समेत, डाक्टरों की निजी क्लीनिकों में मरीजों की भीड़ दिखाई देने लगी है।

सीधे धूप के संपर्क में आने से बचे- डॉ. आयुष जायसवाल

जिला अस्पताल के सीएस डॉ. आयुष जायसवाल ने बताया है कि वर्तमान में मौसम में बार-बार परिवर्तन से वातावरण ठंडा गर्म हो रहा है। ऐसे मौसम में सेहत पर असर पड़ने की संभानाएं बढ़ जाती है। बीमारी से बचने के लिए लोगों को गर्मी में सीधे धूप के संपर्क में आने से बचना चाहिए। समय पर भोजन के साथ पोषक तत्वों से भरपूर चीजें शामिल करना चाहिए।गर्मी में लू लगने का खतरा रहता है। इससे बचाव के लिए सलाद में कच्चा प्याज, शरीर में पानी की कमी न हो इसके लिए समय-समय पर पानी पीते रहना चाहिए।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours