अव्यवस्था………पहले नाली खोदवाया…….फिर हो हल्ले के बाद चेकर टाईल्स लगा बनाया पगडन्डी

Estimated read time 1 min read

बैकुंठपुर।

बैकुंठपुर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 9 में पंकज पाण्डेय के घर से महेन्द्र पाण्डेय के घर तक चल रहे नाली निर्माण कार्य से वार्डवासियों को हो रही परेशानियों संबंधी समाचार प्रकाशित होने के बाद ठेकेदार की ओर से तत्काल हरकत देखने को मिली। बताया जा रहा है कि करीब 90 किलोमीटर दूर मौजूद ठेकेदार ने अपने कर्मचारियों को निर्माण स्थल पर आवागमन की व्यवस्था सुधारने और लोगों के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि लगातार बारिश के बीच मुख्य मार्ग खोद दिए जाने से वार्डवासियों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं तथा शासकीय कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप था कि निर्माण स्थल पर न तो ठेकेदार मौजूद रहता है और न ही लोगों की सुविधा के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था, जिससे दैनिक आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया था।
समाचार प्रकाशित होने के बाद ठेकेदार के कर्मचारियों ने निर्माण स्थल पर कुछ हिस्से को समतल कर लोगों के आने-जाने के लिए अस्थायी व्यवस्था शुरू की। इससे लोगों को आंशिक राहत मिली है, लेकिन अभी भी पूरे मार्ग पर सुरक्षित और सुगम आवागमन की व्यवस्था नहीं हो सकी है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि केवल कुछ दूरी तक रास्ता बनाना पर्याप्त नहीं है। कार्यस्थल से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, नौकरीपेशा लोग और अन्य नागरिक गुजरते हैं, इसलिए पूरे निर्माण क्षेत्र में सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग बनाया जाना आवश्यक है।

अब देखना यह होगा कि दूर से निर्देश देने वाला ठेकेदार स्वयं निर्माण स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेता है या नहीं, और उसके कर्मचारी वार्डवासियों की सुविधा के अनुरूप संपूर्ण वैकल्पिक मार्ग तैयार करते हैं या नहीं। स्थानीय लोगों की निगाहें अब निर्माण कार्य की गुणवत्ता और ठेकेदार की जिम्मेदारी निभाने पर टिकी हुई हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours