पत्नी-पति के विवाद के बाद पति की हत्या के आरोपी में पत्नी को पुलिस ने लिया हिरासत में
मृतक के भाई ने भाई की मृत्यु के बाद चरचा थाने में भाभी के खिलाफ किया शिकायत
बैकुंठपुर।
कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बिशुनपुर के ग्राम तिलवनडाड़ स्थित पीपरपारा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चरचा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जयजीत सिंह के रूप में हुई है।
बताया गया कि उसकी पत्नी बबली सिंह सोसायटी से लौटने के बाद अपने पति की तलाश में बस्ती गई थी। वहां से पति को लेकर घर लौटते समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्से में बबली सिंह ने जयजीत सिंह को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह पत्थर पर गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपित महिला उसे घसीटकर घर ले गई तथा अपने देवर को घटना की जानकारी दी।
मृतक के भाई रंजीत सिंह ने जब अपने भाई की हालत देखी तो उसकी मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद उसने चरचा थाने पहुंचकर बबली सिंह के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक बालेश्वर महानंदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक बालेश्वर महानंदी ने बताया कि मामले में आरोपित बबली सिंह के विरुद्ध अपराध की धारा के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(3) में मामला दर्ज किया गया है।
महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल पर उप पुलिस अधीक्षक आशा सेन, थाना प्रभारी बालेश्वर महानंदी, उप निरीक्षक अनिल सोनवानी, प्रधान आरक्षक शशिभूषण, आरक्षक प्रदीप श्याम, साइबर सेल निरीक्षक अमूल खलखो, महिला आरक्षक रंजना सहित पुलिस का अन्य स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान हुई मारपीट से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।घटना के बाद ग्राम तिलवनडाड़ के पीपरपारा में शोक का माहौल है। अचानक हुई इस घटना से ग्रामीण स्तब्ध हैं। पुलिस की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल के आसपास एकत्र हो गए। पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद का इतना दुखद अंत होने से पूरे क्षेत्र में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उनके अनुसार धाराओं में संशोधन भी किया जा सकता है। फिलहाल आरोपित महिला पुलिस हिरासत में है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।


+ There are no comments
Add yours