मंदिरो समेत कलेक्ट्रेट, जिला पंचायत, अमृत सरोवर तटों, विभिन्न संस्थाओं और हितग्राहियों ने जलाए दीये……..घर से लेकर गांव तक, सरोवर से लेकर स्कूल तक जगमगाया आशीर्वाद का दीया

Estimated read time 1 min read

बैकुंठपुर।

सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार शाम आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम ने पूरे कोरिया को दीपों की रोशनी से जगमगा दिया। घरों की देहरी से लेकर ग्राम पंचायत भवनों तक, अमृत सरोवरों के तटों से लेकर स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और शासकीय संस्थानों तक एक साथ दीप प्रज्वलित हुए। जिलेभर में 3 लाख से अधिक दीयों की रोशनी में सेवा, आभार और जनभागीदारी की भावना साकार हुई।

जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में लोगों ने उत्साहपूर्वक अपने घरों, सार्वजनिक स्थलों और संस्थानों में दीप जलाकर कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और आम नागरिकों ने भी दीप प्रज्वलित कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

कलेक्ट्रेट, जिला पंचायत, ग्राम पंचायत भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, आश्रम शाला, स्कूल परिसर, अमृत सरोवरों के तटों सहित विभिन्न शासकीय-अशासकीय संस्थानों में दीपों की रोशनी नजर आई। विशेष रूप से अमृत सरोवरों के तटों पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने एक साथ दीप जलाकर आयोजन को सामूहिक उत्सव का स्वरूप दिया।

अमृत सरोवर तट हुए रोशन

शासन के निर्देशानुसार जिले के अमृत सरोवर तटों पर स्थानीय समूहों ने सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता निभाई। ग्राम पंचायतों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, जनपद पंचायत पदाधिकारियों एवं स्व-सहायता समूहों की महिलाओं की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित किए गए।

ग्राम पंचायत भवनों में जले दीप

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी ग्राम पंचायत भवनों में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया गया। ग्राम पंचायत पदाधिकारियों, मैदानी अमले और स्थानीय जनसमुदाय ने इसमें सहभागिता निभाई। विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, आश्रम शालाओं सहित विभिन्न सार्वजनिक भवनों में भी दीप प्रज्वलित किए गए।

प्रधानमंत्री आवासों में जला आशीर्वाद का दीया

कोरिया जिले के प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों ने भी अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता निभाई। हितग्राहियों ने पक्के आवास की सुविधा मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए दीप प्रज्वलित किए।

जनपद स्तर पर विशेष कार्यक्रम

जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत जनपद पंचायत स्तर पर चयनित स्थानों पर विशेष आयोजन किए गए। जनपद पंचायत बैकुंठपुर की 15 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता की गई। वहीं जनपद पंचायत सोनहत की 10 ग्राम पंचायतों में भी शत-प्रतिशत घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours