कोटकताल स्कूल के बच्चों ने गणपति बप्पा मोरया के नारो के साथ किया प्रतिमा का विसर्जन
बैकुंठपुर।
बैकुंठपुर के ग्राम कोटकताल स्थित प्राथमिक शाला में इस वर्ष गणेशोत्सव का आयोजन बच्चों के लिए खास रहा। विद्यालय के बच्चों ने स्वयं अपने हाथों से गणपति बप्पा की आकर्षक प्रतिमा तैयार की। बच्चों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ विद्यालय परिसर में गणेश जी की स्थापना की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। बच्चों द्वारा मिट्टी एवं अन्य सामग्री से तैयार की गई गणेश प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही। प्रतिमा तैयार करने से लेकर गणेश जी की स्थापना और पूजा-अर्चना तक बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इससे बच्चों में रचनात्मकता के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की समझ विकसित करने का अवसर भी मिला।
शनिवार को गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान बच्चों ने “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों के साथ गणेश जी को विदाई दी। विसर्जन कार्यक्रम में प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक रामसाय सिह, सहायक शिक्षक अंजना, माध्यमिक शाला से वर्षा सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुंती सिंह तथा सफाई कर्मचारी राजेश सिंह की उपस्थिति रही। शिक्षकों ने बच्चों के उत्साह और उनकी रचनात्मक पहल की सराहना की। माध्यमिक शाला की शिक्षिका वर्षा सिंह ने बताया कि गणपति बप्पा की प्रतिमा बच्चों ने स्वयं अपने हाथों से बनाई थी। बच्चों की मेहनत और कल्पनाशीलता से तैयार प्रतिमा बेहद आकर्षक रही। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी कला और प्रतिभा दिखाने के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।


+ There are no comments
Add yours