मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने व गिरफ्तारी को लेकर कोरिया कांग्रेस का विरोध मार्च सोमवार को

Estimated read time 1 min read

बैकुंठपुर।

कांग्रेस कोरिया जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि मतदाता सूची प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार का आधार है और इससे जुड़ी प्रक्रिया में पारदर्शिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार दो चुनाव आयुक्तों ने पिछले 10 महीनों में मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर 14 अवसरों पर आपत्तियां दर्ज कीं। इनमें मतदाता पंजीकरण, नाम हटाने व पुनर्स्थापित करने, फॉर्म-6 और एसआइआर से जुड़े विषय शामिल बताये गये हैं। वहीं चुनाव आयोग ने कहा है कि अंतिम निर्णय सर्वसम्मति से लिये गये। ऐसे में पूरे मामले पर तथ्यात्मक स्पष्टता जरूरी है।

प्रदीप गुप्ता ने बताया कि वोट चोरी के विरोध में कांग्रेस विशाल विरोध मार्च 28 सितंबर सोमवार को दोपहर 12 बजे बैकुंठपुर के छिंदडांड़ बाजार से जिला कलेक्ट्रेट परिसर हेतु प्रस्थान करेंगी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली एवं मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के विरोध में विशाल विरोध मार्च आयोजित किया गया है। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनकी गिरफ्तारी तथा उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों एवं मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग

श्री गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस द्वारा उठाया जा रहा वोट चोरी का सवाल प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा से जुड़ा है। एसआइआर के दौरान नाम जोड़ने, हटाने और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया निष्पक्ष व समयबद्ध होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर भी कांग्रेस अपना लोकतांत्रिक विरोध दर्ज करायेगी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours