रामप्रसाद राजवाड़े के नेतृत्व में क्षेत्र बैकुंठपुर ने किया मेधावी विद्यार्थियों खेल प्रतिभा का सम्मान

Estimated read time 1 min read

22 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, खेल प्रतिभाओं का अभिनंदन और मुख्य शेड से जुड़े अतिरिक्त शेड का लोकार्पण

बैकुंठपुर।

रजवार समाज क्षेत्र समिति बैकुंठपुर द्वारा क्षेत्रीय अध्यक्ष रामप्रसाद राजवाड़े की अध्यक्षता में मेधावी विद्यार्थी सम्मान एवं शेड लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, खेल एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में कक्षा 10वीं के 11 एवं कक्षा 12वीं के 11 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं रिदमिक योग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सरिता राजवाड़े एवं वंदना राजवाड़े तथा राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन चौंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली काव्या राजवाड़े को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान समाज के मुख्य शेड के साथ जुड़े अतिरिक्त शेड का लोकार्पण किया गया। क्षेत्रीय अध्यक्ष के सौजन्य से लगभग 2 लाख की लागत से निर्मित इस अतिरिक्त शेड से समाज को सामाजिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी। मुख्य शेड के विस्तार के रूप में निर्मित इस अतिरिक्त शेड को समाज की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण योगदान माना गया। समाजबंधुओं ने इस पहल के लिए रामप्रसाद राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में रजवार समाज के प्रदेश अध्यक्ष लखन राजवाड़े, जिला अध्यक्ष रविशंकर राजवाड़े, जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, सभापति एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धर्मवती राजवाड़े एवं जिला समिति कोरिया विशेष सलाहकार संगीता राजवाड़े सहित सरगुजा एवं सूरजपुर जिले के जिला अध्यक्ष, समाज के वरिष्ठजन, मातृशक्ति, अभिभावक, युवा एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। मुन्नाशरण राजवाड़े,रामबाई राजवाड़े, उर्मिला राजवाड़े, नेतलाल राजवाड़े, उमाशंकर राजवाड़े, रूप नारायण राजवाड़े, तुलाराम राजवाड़े, बाबूलाल राजवाड़े, बाजबहादुर राजवाड़े, राजेश राजवाड़े, सुरेंद्र राजवाड़े सहित क्षेत्र समिति के समस्त कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।

मेधावी विद्यार्थियों के लिए की प्रोत्साहन की घोषणा

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बैकुंठपुर विधायक भईयालाल राजवाड़े ने मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रत्येक विद्यार्थी को 10 हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। साथ ही समाज के विद्यार्थियों के परीक्षा में सफल होने पर 50 हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

दिया शिक्षा का संदेश

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष रामप्रसाद राजवाड़े ने कहा कि यह आयोजन केवल पुरस्कार वितरण नहीं, बल्कि प्रतिभा के सम्मान, परिश्रम के अभिनंदन और शिक्षा के प्रति समाज की प्रतिबद्धता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि किसी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी संपत्ति में नहीं, बल्कि उसकी शिक्षित, संस्कारित एवं प्रतिभाशाली युवा पीढ़ी में होती है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों से अपनी उपलब्धि को नई ऊंचाइयों की शुरुआत मानकर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। अभिभावकों से बेटा-बेटी को समान अवसर देने तथा शिक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे में यह विश्वास होना चाहिए कि मैं भी आगे बढ़ सकता हूं और अपने परिवार एवं समाज का नाम रोशन कर सकता हूं।

2008 में शुरू हुई मेधावी सम्मान की परंपरा

रजवार समाज जिला कोरिया के अध्यक्ष द्वारा वर्ष 2008 में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने की पहल शुरू की गई थी। वर्ष 2026 तक यह परंपरा निरंतर जारी है। इसके माध्यम से कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मान एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाता रहा है।

नशामुक्ति, शिक्षा और सामाजिक एकता का संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ने नई पीढ़ी को नशे से दूर रहने, शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा सामाजिक एकता एवं आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने अपनी संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षित रखते हुए समाज को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

जिला शिक्षा अधिकारी ने सराहा समाज का योगदान

जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता ने रजवार समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज के बच्चे शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में समाज को हरसंभव सहयोग एवं मदद का भरोसा दिलाया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours