ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ कोरिया में मेडिकल स्टोर रहे बंद

Estimated read time 0 min read

बैकुंठपुर।

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आज देशभर में केमिस्ट संगठन हड़ताल पर हैं। छत्तीसगढ़ के करीब 18 हजार मेडिकल स्टोर के साथ साथ कोरिया जिले के सभी मेडिकल स्टोर्स भी बंद रहे। जिनमें थोक और रिटेल दोनों दुकानें शामिल हैं। कोरिया में सुबह से मेडिकल स्टोर नहीं खुले हैं। कोरिया में ऑनलाइन फॉर्मेसी के खिलाफ केमिस्ट संघ के आवान पर जिले में करीब 100 मेडिकल दुकानें बंद रहे। संगठनों का कहना है कि ऑनलाइन कंपनियों की भारी छूट से छोटे मेडिकल स्टोर्स का कारोबार प्रभावित हो रहा है। दवा व्यापारियों के इस आंदोलन को चेंबर ऑफ कॉमर्स और कांग्रेस ने समर्थन दिया है।

ऑनलाइन दवा बिक्री से छोटे दुकानदारों के व्यापार पर असर पड़ रहा है, इसलिए वे इसका विरोध कर रहे हैं। दवा विक्रेताओं का राष्ट्रव्यापी आंदोलन का शहर में खासा असर देखने को मिल रहा है ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में आज सुबह से सभी निजी दवा दुकानें बंद हैं, जिससे मरीजों को दवाइयों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय व्यापारियों के हितों पर ध्यान दे सरकार

कांग्रेस ने भी दवा व्यापारियों की हड़ताल का समर्थन किया है। कांग्रेस कोरिया अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि बड़ी ऑनलाइन और विदेशी कंपनियां भारी छूट देकर स्थानीय दवा कारोबार को नुकसान पहुंचा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ दवा व्यापारियों की नहीं, बल्कि छोटे कारोबारियों की भी है। कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि स्थानीय व्यापारियों और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखकर फैसले लिए जाएं।यह बंद ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर किया जा रहा है दवा विक्रेताओं ने ऑनलाइन दवा बिक्री और कुछ नए नियमों के विरोध में यह एक दिवसीय हड़ताल बुलाया।

मरीजों को परेशानी ना हो इसके लिए व्यवस्था

देशभर में चल रही हड़ताल को देखते हुए छत्तीसगढ़ खाद्य एवं औषधि प्रशासन अलर्ट हो गया है। मरीजों को दवाओं की कमी न हो, इसके लिए राज्यभर में जरूरी दवाएं और मेडिकल सामान उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि सरकारी जनऔषधि केंद्रों, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, सरकारी अस्पतालों, नर्सिंग होम और अन्य मेडिकल स्टोर्स के जरिए लोगों को जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई जा रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours