संभागायुक्त ने बच्चों की शिक्षा और सामाजिक जागरूकता पर दिया जोर, आईजी ने सड़क सुरक्षा व साइबर फ्रॉड से बचाव के बताए उपाय

Estimated read time 1 min read

बैकुंठपुर।

मुख्यमंत्री के सुशासन तिहार अभियान के तहत कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड के ग्राम कुशहा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए संवाद और समाधान का बड़ा मंच बना। एक दिन पहले मुख्यमंत्री के आकस्मिक प्रवास के बाद शुक्रवार को उसी अमराई की छांव में प्रशासनिक शिविर आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। शिविर में कुल 358 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 32 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया।

शिविर में सरगुजा संभाग के संभागायुक्त नरेन्द्र दुग्गा ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य गांव स्तर पर ही छोटी- छोटी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन आवेदनों का निराकरण तत्काल नहीं हो पाया है, उनका समाधान एक माह के भीतर किया जाएगा।

बच्चों को खूब पढ़ाएं, तीन कोट से बचें-संभागायुक्त

संभागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि पढ़ाई ही बेहतर भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि बच्चे आगे चलकर डॉक्टर, इंजीनियर और उच्च अधिकारी बनकर समाज व प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों और परिवार प्रमुखों को तीन कोट से बचने की सीख दी। उन्होंने कहा कि खाकी कोट, सफेद कोट और काला कोट यानी थाना, अस्पताल और न्यायालय के चक्कर से दूर रहने के लिए आपसी विवादों को सहमति से सुलझाना चाहिए। जमीन संबंधी मामलों में आपसी समझौते और शांति बनाए रखने पर जोर देते हुए उन्होंने चोरी, झूठ और गलत कार्यों से दूर रहने की सलाह दी। ऐसे कोई खानपान न करें या ऐसी कोई कार्य न करें जिससे दुर्घटना हो और अस्पताल के चक्कर लगाना पड़े।

राजस्व अमला संवेदनशील बनें

संभागायुक्त ने राजस्व मामलों के निराकरण में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश देते हुए पटवारी, तहसीलदार और एसडीएम को जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर रहने को कहा। यह तीनो अमले की बड़ी जवाबदेही और जिम्मेदारी होती है कि छोटे छोटे कार्यों का निपटारा करने के लिए स्वप्रेरणा से कार्य करनी चाहिए।

हेलमेट पहनें, नशे में वाहन न चलाएं-आईजी

शिविर में पहुंचे सरगुजा आईजी दीपक झा ने ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें तथा चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का उपयोग करें। शराब या अन्य नशे का सेवन कर वाहन चलाना दुर्घटनाओं को आमंत्रण देता है। उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन लिंक से सावधान रहें। साथ ही डायल 112 सेवा के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि आपात स्थिति में लोग तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध- कलेक्टर

कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्राप्त सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण परीक्षण कर निराकरण किया जा रहा है। ग्रामीणों से कहा कि कटगोड़ी क्षेत्र के कुछ गांवों में पेयजल समस्या बनी हुई है, जिसके स्थायी समाधान के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इस योजना के पूर्ण होने पर लगभग 35 गांवों में पेयजल संकट दूर होगा। उन्होंने कहा कि अंचल की हर समस्या का समाधान प्रशासनिक एवं शासन स्तर पर किया जाएगा।

5 प्रतिशत मॉडल की अधिकारियों ने की सराहना

शिविर के दौरान अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। ग्रामीणों द्वारा अपनी खाली जमीन के 5 प्रतिशत हिस्से में सोखता गड्ढा निर्माण के “5 प्रतिशत मॉडल” की संभागायुक्त और अन्य अधिकारियों ने सराहना की। अधिकारियों ने इसे जल संरक्षण की दिशा में अभिनव प्रयास बताते हुए कहा कि जिले का यह नवाचार राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours