3 करोड़ की विकास स्वीकृति से बैकुंठपुर के विकास को मिलेगा नया आयाम – देवेन्द्र तिवारी
बैकुंठपुर।
भारतीय जनता पार्टी जिला कोरिया के जिलाध्यक्ष श्री देवेन्द्र तिवारी ने बैकुंठपुर नगर पालिका क्षेत्र के 13 विकास कार्यों के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया है। जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने कहा कि बैकुंठपुर नगर के विकास के लिए यह स्वीकृति अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रदेश सरकार द्वारा नगरों के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में बैकुंठपुर नगर पालिका के विभिन्न वार्डों में सड़क, पाथवे एवं अन्य आवश्यक विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई है।
उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टर के निर्देशन में नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर द्वारा शासन को भेजे गए प्रस्तावों पर त्वरित निर्णय लेते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 13 विकास कार्यों के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इनमें पाथवे निर्माण, बी.टी. रोड निर्माण एवं बी.टी. रोड मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं, जिनसे नगरवासियों को बेहतर आवागमन एवं मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
देवेन्द्र तिवारी ने कहा कि बैकुंठपुर के लोकप्रिय विधायक श्री भैयालाल राजवाड़े द्वारा क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं को लगातार शासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा गया, जिसके सकारात्मक परिणाम आज क्षेत्रवासियों को मिल रहे हैं। यह स्वीकृति मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की विकासोन्मुखी सोच का प्रतिफल है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्वीकृत सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण होंगे और बैकुंठपुर के विकास को नई गति मिलेगी। अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के समान एवं समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


+ There are no comments
Add yours