चरचा में अंजुमन इस्लामिया कमेटी का निर्विरोध गठन——सभी पदाधिकारियों को मिला निर्वाचन प्रमाण पत्र
बैकुंठपुर।
कोरिया जिले के चरचा में मुस्लिम समाज की अंजुमन इस्लामिया कमेटी की नई कार्यकारिणी का गठन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में किया गया। 7 अगस्त को आयोजित चुनाव प्रक्रिया में विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों ने अपने नामांकन प्रस्तुत किए थे, लेकिन बाद में कुछ उम्मीदवारों द्वारा अपने नाम वापस लिए जाने के बाद प्रत्येक पद पर केवल एक-एक उम्मीदवार ही मैदान में रह गया। जिसके चलते मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी और समाज के सभी सम्मानित सदस्यों की सहमति से पूरी कमेटी का निर्विरोध निर्वाचन किया गया।
अंजुमन इस्लामिया कमेटी के चुनाव को लेकर समाज के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। सदर, नायब सदर, सेक्रेटरी, नायब सेक्रेटरी और खजांची पद के लिए चुनाव प्रक्रिया निर्धारित की गई थी। हालांकि, उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने के बाद सभी पदों पर एक-एक उम्मीदवार शेष रह गया। इसके बाद समाज के सदस्यों ने आपसी सहमति जताते हुए सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित किया। निर्विरोध निर्वाचन के बाद नई कार्यकारिणी में जनाब मोहम्मद अयूब अली को सदर, जनाब मोहम्मद एहसान-उल-हक को नायब सदर, जनाब मोहम्मद शराफत अली को सेक्रेटरी, जनाब मोहम्मद गुलाम रब्बानी को नायब सेक्रेटरी तथा जनाब मोहम्मद अब्दुल कादिर को खजांची चुना गया।
नई कमेटी के गठन के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रमाण पत्र मिलने के बाद पदाधिकारियों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान समाज के सम्मानित सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। लोगों ने उम्मीद जताई कि नई कमेटी समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सौहार्द को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक एवं जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


+ There are no comments
Add yours