पंथी, सुआ और जसगीत से सजा राज्योत्सव, छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में रंगा कोरिया

Estimated read time 1 min read

महिलाओं को समान अवसर और युवाओं के सपनों को उड़ान देना हमारी प्राथमिकता- कलेक्टर

बैकुंठपुर।

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बैकुंठपुर स्थित रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मिनी स्टेडियम में एक दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। मुख्य अतिथि विधायक ने समारोह का शुभारंभ किया। राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं राज्यगीत के साथ शुरू हुए आयोजन में स्थानीय कलाकारों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

पंथी, सुआ नृत्य और जसगीत की प्रस्तुतियों में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक दिखाई दी। बच्चों ने ‘शिवा महादेवा’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसकी लय पर दर्शक भी थिरक उठे। मिनी स्टेडियम में बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री राजवाड़े ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, जिले की उपलब्धियों एवं नवाचारों की जानकारी दी गई। इस दौरान कलेक्टर रोक्तिमा यादव, पुलिस अधीक्षक श्री हरीश राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा एवं उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विधायक ने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बीते 26 वर्षों में प्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है। कोरिया जिले और छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह की ओर से भी जिलेवासियों को राज्योत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर कोरिया ने अपने संबोधन में कहा कि राज्योत्सव गर्व, गौरव और आत्मीयता का पर्व है। यह राज्य निर्माण के सपनों, संघर्षों और आकांक्षाओं को याद करने के साथ बेहतर भविष्य के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर भी है। छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोकगीतों, लोकनृत्यों, परंपराओं और त्योहारों से है।

कोरिया की प्राकृतिक संपदा, सांस्कृतिक विरासत और मेहनतकश लोग जिले की सबसे बड़ी ताकत हैं। यहां पर्यटन सहित विकास के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक संभावनाएं हैं। आयोजन की थीम सशक्त नारी, युवा उड़ान को रेखांकित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि यह विषय जिले के विकास की सोच और प्राथमिकताओं को दर्शाता है। महिलाओं में ऊर्जा, जुनून और अपनी अलग पहचान बनाने की क्षमता है। उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर देना जरूरी है। महिलाएं आत्मनिर्भर होती हैं तो परिवार मजबूत होता है और समाज आगे बढ़ता है। इसी प्रकार युवाओं को शिक्षा, कौशल और अवसर मिलने से उनकी प्रतिभा पूरे देश की प्रगति का माध्यम बनती है। हमारा प्रयास है कि जिले की प्रत्येक महिला, युवा और बच्चा विकास की यात्रा में सहभागी बने।

कलेक्टर ने कहा कि स्थानीय कलाकारों और बच्चों की प्रस्तुतियां नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ती हैं। वहीं विभागीय प्रदर्शनी नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने और उनका लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित करने का माध्यम है।

उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी और लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने पर जोर दिया। श्रीमती यादव ने जिलेवासियों से ऐसे छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया, जहां महिलाओं को सम्मान और अवसर मिले, युवाओं के सपनों को उड़ान मिले तथा प्रत्येक नागरिक को प्रगति का अवसर प्राप्त हो। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी, शैलेष शिवहरे, नगर पंचायत पटना की अध्यक्ष गायत्री सिंह, सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, छात्र, छात्राएं, महिलाएं व जिलेवासी उपस्थित रहे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours