तहकीकात न्यूज @ खबर हर कीमत पर
तहकीकात न्यूज @ वेब डेस्क . रायपुर
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने आदिवासी बहुल सरगुजा संभाग के बलरामपुर में घटी सामूहिक बलात्कार की घटना के बाद अब आदिवासी बहुल बस्तर संभाग के कोंडागाँव ज़िले के केशकाल थाना क्षेत्र के ग्राम मर्दापाल निवासी एक युवती के साथ एक ट्रक में घटी सामूहिक बलात्कार की घटना के मद्देनज़र प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। श्री सिंहदेव ने कहा कि आदिवासियों के नाम पर राजनीति कर रही कांग्रेस सरकार एक ही सप्ताह में सामूहिक अनाचार की घटीं लगातार कई गंभीर घटनाओं से बेनक़ाब हो गई है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री सिंहदेव ने कहा कि हाथरस के मामले को लेकर तमाम सियासी हथकंडे अपनाकर घड़ियाली आँसू बहा रही कांग्रेस और प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ में लगातार सामने आ रहीं इन वारदातों पर न केवल चुप्पी साधे बैठी है, अपितु ग़ैर ज़िम्मेदाराना बयानबाजी कर प्रदेश की मातृ-शक्ति के आत्म-सम्मान को लहूलुहान करने पर भी आमादा है। श्री सिंहदेव ने कहा कि हाथरस के मामले में प्रदेश सरकार और कांग्रेस के नेता बढ़-चढ़कर ‘परिवार-दरबार’ की जी हजूरी में लगे हैं, लेकिन प्रदेश सरकार के एक मंत्री शिव डहरिया प्रदेश में घटी सामूहिक दुष्कर्म की घटना को ‘छोटी-मोटी’ घटना बताकर अपनी सोच और मानसिकता के दीवालिएपन का परिचय प्रदेश को दे चुके हैं, लेकिन प्रदेश सरकार और कांग्रेस ने अब तक इस पर आपत्ति नहीं की है। श्री सिंहदेव ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अपने एक मंत्री के इस ग़ैर ज़िम्मेदाराना आचरण पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कोई ज़वाब तलब कर मंत्री पद से बर्ख़ास्त करना ज़रूरी नहीं समझा। इसका स्पष्ट संकेत है कि मंत्री डहरिया की राय से प्रदेश के मुख्यमंत्री भी मौन सहमति रखते हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री सिंहदेव ने मंत्री डहरिया द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर छत्तीसगढ़ के सामूहिक अनाचार के मामलों को लेकर किए गए ट्वीट पर ताना मारे जाने पर पलटवार कर कहा कि मंत्री डहरिया पहले अपने और अपनी कांग्रेस के नेताओं के गिरेबाँ में झाँक लें। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने छत्तीसगढ़ की घटना पर ट्वीट किया, पर प्रदेश के कांग्रेस नेता छत्तीसगढ़ की बच्चियों से लेकर वृद्ध महिलाओं तक के साथ हो रहे सामूहिक अनाचार पर संजीदा होना ज़रूरी नहीं समझ रहे हैं। श्री सिंहदेव ने कटाक्ष किया कि प्रदेश सरकार के मंत्रियों और कांग्रेस नेताओं को इन दिनों अन्य प्रदेशों के मामलों में रुचि लेने का चस्का बढ़ गया है। लेकिन क्या बेटी-बेटी में फ़र्क़ करना ही कांग्रेस का राजनीतिक चरित्र रह गया है? श्री सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका वाड्रा को तो छत्तीसगढ़ आकर यहाँ की पीड़ित बेटियों और उनके परिजनों को भी इंसाफ़ दिलाने की पहल करनी चाहिए और भूपेश-सरकार के कृत्यों व नाकारेपन का जायजा लेकर अपनी प्रदेश सरकार पर नकेल कसनी चाहिए; साथ ही मुख्यमंत्री बघेल के कहकर मंत्री डहरिया के मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए।

+ There are no comments
Add yours