कृषि एवं उद्यानिकी के माध्यम से जिले को समृद्ध बनाना हमारा लक्ष्य – कलेक्टर

Estimated read time 1 min read


समय-सीमा की बैठक संपन्न

तहकीकात न्यूज  @  वेब डेस्क . बैकुन्ठपुर

कलेक्टर एसएन राठौर की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा की बैठक में आज श्री राठौर ने कहा कि कृषि एवं उद्यानिकी के माध्यम से जिले को समृद्ध बनाना हमारा लक्ष्य है। इसके लिए उन्होंने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को समन्वय कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये। साथ ही बेहतर तकनीक हेतु कृषि विज्ञान केन्द्र को भी इसमें शामिल करने कहा। समय-सीमा की बैठक में उन्होंने प्रकरणों की जानकारी लेते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री राठौर ने बैठक में कहा कि जिले को कृषि एवं उद्यानिकी के माध्यम से समृद्ध बनाने के लिए जरूरी है कि जल की एक-एक बूंद का समुचित उपयोग किया जाये। जिले में जल स्त्रोतों की कमी नहीं है। इनके उपयोग के लिए कार्ययोजना तैयार करना आवश्यक हैं। उन्होंने जल संसाधन विभाग के साथ उक्त चर्चा करते हुए ग्रीष्म ऋतु से पूर्व बांधों के गेट दुरूस्त कराने के निर्देश दिये। उन्होंने बैठक में कहा कि जिले के किसानों को पारंपरिक फसलों की कृषि के साथ ही सब्जी, दलहन व तिलहन तथा अन्य उद्यानिकी फसलों की कृषि हेतु प्रोत्साहित किया जाना चाहिए जिससे किसानों को आय का विकल्प मिल सके।
समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री राठौर ने विद्युत विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य है, इसके लिए जरूरी है कि आंगनबाड़ियों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में विद्युत जैसी मूलभूत व्यवस्था दुरूस्त रहे। साथ ही सभी शासकीय भवनों में रनिंग वाटर की भी उपलब्धता हेतु संबंधित विभाग को निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सीएम दर्पण पोर्टल में विभागीय कार्यों की प्रगति दर्ज कराने की भी जानकारी ली।
बैठक में कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में होने वाली बैठक की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके अधीनस्थ कर्मचारियों के पंचायत की बैठक में शामिल होने के निर्देश दिये।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर एस.एन.राठौर ने जिले में पंचायत के कार्यो के सुचारू रूप से संचालन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए जिले के समस्त ग्राम पंचायत को प्रातः 10 बजे से 5 बजे तक खोलने के निर्देश दिये हैं। साथ ही ग्राम पंचायत भवन में प्रति सप्ताह सोमवार को अपरान्ह 3 बजे से 4 बजे तक संरपच व सचिव द्वारा पंचायत अन्तर्गत कार्यरत विभिन्न संस्था प्रमुखों एवं पंचायत स्तर के कार्यकताओं के कार्यों की समीक्षा एवं समन्वय बैठक के निर्देश जारी किये हैं। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत तूलिका प्रजापति, अपर कलेक्टर सुखनाथ अहिरवार, डिप्टी कलेक्टर एवं सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours