तहकीकात न्यूज @ वेब डेस्क . बैकुन्ठपुर
चिरमिरी-नागपुर हॉल्ट न्यू रेलवे लाईन-विस्तारीकरण की बहुप्रतीक्षित परियोजना का कार्यारम्भ करने हेतु सरगुजा और शहडोल सम्भाग के नागरिकों सहित सम्पूर्ण कोयलांचलवासियों की जनभावनाओं को लेकर रेलवे डिवीज़न बिलासपुर के पूर्व डीआरयूसीसी सदस्य विजय प्रकाश पटेल द्वारा 25 अगस्त से लगातार प्रतिदिन जारी ‘घण्टानाद-सत्याग्रह’ को 100 दिन बीत गए,किन्तु दुर्भाग्यवश मुख्यमंत्रीजी ने सहमत होते हुए भी अबतक ना तो फण्ड रिलीज़ किया है और ना ही कार्यारम्भ करने कोई आदेश ही जारी किया है, जिसकी प्रतीक्षा सम्बन्धित क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही है, जिसके सन्दर्भ में पूर्व डीआरयूसीसी सदस्य ने प्रदेश सरकार के मुखिया श्री भूपेश बघेल जी को स्मरण-पत्र प्रेषित कर उपरोक्त परियोजना को क्रियान्वित करने उनसे तयशुदा 50 प्रतिशत का वित्तीय फण्ड अविलम्ब रिलीज़ कर तत्काल कार्य प्रारम्भ कराए जाने की माँग की है.
उल्लेखनीय है कि चिरमिरी-नागपुर हॉल्ट न्यू रेल लाईन-विस्तारीकरण परियोजना के लिए छत्तीसगढ़ शासन एवं केन्द्र सरकार ने परस्पर ओएमयू पश्चात् साझा वित्तीय मन्ज़ूरी प्रदान कर केन्द्रीय रेलमंत्री श्री पीयूष गोयल व तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह द्वारा हरदी बाज़ार(कोरबा)तथा रेलवे परिसर चिरमिरी के सार्वजनिक समारोह में वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा विगत 24 सितम्बर 2018 को ना केवल उक्त परियोजना का विधिवत् शुभारम्भ किया जा चुका है, बल्कि माह नवम्बर 2019 के प्रथम सप्ताह में केन्द्र सरकार ने इस परियोजना के लिए अपने हिस्से का फण्ड भी जारी कर दिया है,किन्तु यह अत्यन्त दुःखद और दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस प्रोजेक्ट को दो वर्षों के भीतर पूरा कर लेने का लक्ष्य निर्धारित व घोषित किया गया था, उस दिशा में बिना काम शुरू हुए दो वर्ष से ज़्यादा का समय बीत चुका है. उन्होंने बताया कि इस सन्दर्भ में मुख्यमंत्रीजी से अब तक चार बार मुलाक़ात-चर्चा होने पर उनका दृष्टिकोण हर बार सकारात्मक रहा है, एक माह पूर्व 31अक्टूबर को मरवाही उपचुनाव के सिलसिले में मनेन्द्रगढ़-प्रवास के दौरान लेदरी रेस्ट हाऊस में सम्पन्न प्रेस-कॉन्फ्रेंस में इसी मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्रीजी ने “सम्बन्धित अधिकारियों से चर्चा कर निर्णय घोषित करने” आश्वस्त किया था, इसके पहले दिनाँक 08-05-2020 को छत्तीसगढ़ शासन की ओर से पूर्व डीआरयूसीसी सदस्य को प्रेषित पत्र द्वारा स्पष्ट तौर पर सहमति जताते हुए अवगत कराया गया था कि उपरोक्त परियोजना के लिये “राज्यांश की राशि-वितरण का प्रकरण राज्य शासन स्तर पर विचाराधीन है”. इन सबके बावजूद ठोस निर्णय-क्रियान्वयन में जो देरी हो रही है,
उससे बाध्य होकर मुख्यमंत्रीजी का आदरपूर्वक ध्यानाकर्षित करने विगत 25 अगस्त से लगातार और अटूट सायं 5 बजे से गाँधी चौक मनेन्द्रगढ़ में 5 मिनट का ‘घण्टा बजाकर सत्याग्रह’ करते आज पूरे सौ दिन बीत चुके हैं,किन्तु रेल-पटरियाँ जहाँ बिछनी है उसे चिन्हांकित कर दोनों ओर पत्थर गाड़कर और प्रभावितों का मुआवज़ा हेतु सूची तैयार कर लेने तक का प्रारम्भिक काम शुरू करने के बाद आगे का कार्य रोक दिये जाने से जहां एक ओर उम्मीदों पर अविश्वसनीयता के बादल छाए हुए हैं, वहीं दूसरी ओर विलम्ब होने से लागत में अनावश्यक वृद्धि होने की पूर्ण सम्भावना की आशंका है. उपरोक्त जनहितकारी और जीवनदायिनी परियोजना और मुद्दे की ओर गम्भीरतापूर्वक ध्यानाकृष्ट करने श्री पटेल ने मुख्यमंत्रीजी के छायाचित्र के सामने प्रतिदिन तब तक घण्टा बजाकर सत्याग्रह करने का संकल्प लेकर छत्तीसगढ़ शासन से उनके हिस्से का 50 प्रतिशत(120.50 करोड़)रिलीज़ कर जितनी जल्दी हो सके कार्य प्रारम्भ करवाने का अनुरोध किया है.
उन्होंने सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्रीजी द्वारा हर किसी के लिए संचालित अनेक लोककल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उनसे सरगुजा और शहडोल दोनों सम्भागों के लाखों नागरिकों एवं सम्पूर्ण कोयलांचलवासियों को मुख्यमंत्री पर उम्मीद जताते हुए क्षेत्रवासियों के लिये विकास,रोज़गार और सुविधा के दृष्टिकोण से अत्यन्त आवश्यक उपरोक्त रेल-विस्तारीकरण परियोजना को फलीभूत करने अब और विलम्ब व निराश ना करते हुए समस्त उपाय कर फण्ड रिलीज़,भूमि-अधिग्रहण एवं निविदा इत्यादि का कार्य तत्काल शुरूकर परियोजना को अंजाम तक पहुंचाने की प्रार्थना की है और तब तक जनभावनाओं को लेकर उनका सद्भावना पूर्वक “घण्टानाद-सत्याग्रह” जारी रहेगा. श्री पटेल ने स्मरण-पत्र की प्रतिलिपि आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रधानमंत्री, केन्द्रीय रेलमंत्री, रेलवे बोर्ड अध्यक्ष, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ज़ोन बिलासपुर के महाप्रबंधक,डीआरएम,कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना-चरणदास महंत,सविप्रा उपाध्यक्ष(राज्यमंत्री)श गुलाब कमरो, मनेन्द्रगढ़ विधायक डॉ.विनय जायसवाल एवं कोरिया कलेक्टर एस.एन. राठौर को भी प्रेषित की है.

+ There are no comments
Add yours