ईएमटी की सूझबूझ से 108 में गूंजी किलकारी, महिला ने दिया स्वस्थ बेटी को जन्म

Estimated read time 0 min read

ईएमटी की सूझबूझ से 108 में गूंजी किलकारी, महिला ने दिया स्वस्थ बेटी को जन्म

बैकुंठपुर।

108 टीम ने अपनी सूझबूझ से गर्भवती महिला का एम्बुलेंस में सुरक्षित प्रसव कराया। माँ और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं। सोनहट ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम सलगंवा में 108 की तत्परता और ईएमटी की सूझबूझ से एम्बुलेंस में किलकारी गूँजी। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सलगंवा निवासी गर्भवती महिला रिमी उम्र 19 वर्ष, पति शिवरतन कुमार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने इसकी सूचना 108 को दी। सूचना मिलते ही पायलट लल्लन राजवाड़े एवं ईएमटी निकिता सिंह गांव के लिए रवाना हुए।

पहुंचने के पश्चात एम्बुलेंस में बैठाकर जल्द ही हॉस्पिटल के लिए रवाना हुए। इस बीच गांव कुछ किलोमीटर दूर पहुँचने पर गर्भवती महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। ईएमटी निकिता ने अपने सूझबूझ का परिचय देते हुए सर्वप्रथम ईआरसीपी के माध्यम से डॉक्टर को वस्तुस्थिति से अवगत कराया और उनके सलाहनुसार परिजनों से बात कर गर्भवती महिला की स्थिति को देखते हुए एम्बुलेंस में ही प्रसव कराने का निर्णय लिया।

सर्वप्रथम एम्बुलेंस को सुरक्षित खड़ी कर प्रसव प्रक्रिया प्रारंभ की। कुछ ही क्षणों पश्चात एम्बुलेंस में बच्ची की किलकारी गूंजने लगी। रिमी ने स्वस्थ बेटी को जन्म दिया। इसके पश्चात माँ बेटी को सीएचसी सोनहट में शिफ्ट कराया गया। सुरक्षित प्रसव के लिए परिजनों ने 108 टीम को धन्यवाद दिया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours