गुरु घासीदास नेशनल पार्क के कमर्जी रेंज में मिली तेंदुए की सडी लाश
बैकुंठपुर।
गुरु घासीदास नेशनल पार्क में पिछले सप्ताह बाघ का शव मिलने के बाद इसके कुछ किलो मीटर दूर कमर्जी रेंज में एक तेंदुए का शव सडी गली अवस्था में मिला है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए का शव एक दिन पुराना होने की आशंका है तेंदुए का शव शनिवार की सुबह मिला, वन विभाग को एक ग्रामीण ने तेंदुए के शव के बारे में जानकारी दी। इसके बाद वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। तेंदुए की मौत कैसे हुई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। वही पर बाघ की मौत के बाद फूक फूक कर कदम रखने वाले विभाग के अधिकारियों ने मौन साध लिया है। जबकि शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। जानकारी के अनुसार तेदूए की मौत कमर्जी रेंज के जिस स्थान पर हुई है वह रामगढ से लगभग 25 किलोमीटर दूर सडक से 7 किलोमीटर जगंल के अन्दर बताया जा रहा है।
मामले में संचालक गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान बैकुंठपुर ने प्रेस रिलिज जारी कर बताया कि 15.11.2024 को क्षेत्रीय कर्मचारियों की गश्ती के दौरान बीट टामापहाड़, सर्किल देवसील, पार्क परिक्षेत्र कमर्जी अंतर्गत एक तेंदुआ की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई। घटना की पुष्टि उपरान्त क्षेत्रीय कर्मचारियों द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को देर रात घटना की सूचना दी गई। उक्त घटना स्थल दुर्गम पहाड़ी, संचार साधन (नेटवर्क) विहीन क्षेत्र में स्थित है।
दिनांक 16.11.2024 को वन संरक्षक (वन्यप्राणी) सरगुजा वन वृत्त, अम्बिकापुर, संचालक गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान, पशु चिकित्सकों की टीम, गोमर्जा अभ्यारण्य के डॉग स्क्वायड टीम एवं क्षेत्रीय कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंचे। क्षेत्रीय कर्मचारियों एवं गोमर्जा अभ्यारण्य के डॉग स्क्वायड टीम द्वारा घटना स्थल के आस-पास के क्षेत्र में पतासाजी किया गया। स्थल निरीक्षण उपरान्त विभागीय अधिकारी/ कर्मचारी, ग्रामीणों की उपस्थिति में तीन सदस्यीय पशु चिकित्सक दल के द्वारा शव विच्छेदन किया गया।
पशु चिकित्सकीय टीम के परीक्षण के दौरान मृत तेंदुए के स्किन, नाखून, दांत एवं सभी अंग सुरक्षित पाये गये। मृत तेंदुए के आवश्यक स्किन को प्रयोगशाला परीक्षण हेतु प्रीजर्व किया गया। शव विच्छेदन उपरान्त नियमानुसार शव का दाह संस्कार किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड टीम, स्ट्राईक फोर्स, क्षेत्रीय कर्मचारियों के संयुक्त टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही की जा रही है। अधिक जानकारी पीएम रिपोर्ट के उपरान्त ही मृत्यु के संभावित कारणों के विषय में जानकारी प्राप्त होगी। तेंदुए के मृत्यु की सभी संभावित कारणों की विवेचना की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours