गुणवत्ता के साथ चल रहा शहर की मुख्य नाली का निर्माण…..जल्द किया जायेगा पूरा
बैकुंठपुर में 4.5 करोड की लागत से बनेगा पहला क्वार्टर ट्रीटमेंट प्लांट
बैकुंठपुर
कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर शहर की नालियों के जाल को जोड़ने के लिए मुख्य नाली निर्माण कराया जा रहा है जोकि फॉरेस्ट कॉलोनी से एसईसीएल अस्पताल तिराहा तक 500 मीटर किया जाना है। नाली निर्माण में आए दिन विवाद होने के कारण निर्माण में देरी होने से सड़क की यातायात व्यवस्था बुरी तरह भी प्रभावित नजर आ रही है । इस संबंध में नगर पालिका के इंजीनियर नरेश कुशवाहा का कहना है कि नाली का निर्माण पूरी तरह से गुणवत्ता युक्त कराया जा रहा है लगातार विवाद होने पर नगर पालिका की टीम के द्वारा कार्य का निरीक्षण किया गया। जिसमें निर्माण अपने तय मानक के अनुरूप पाया गया। जल्द ही नाली का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जायेगा।
4.50 करोड की लागत से बनेगा वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट
श्री कुशवाहा ने बताया कि बन रही 500 मीटर की नाली की चौड़ाई 2 मीटर और ऊंचाई 1.10 मीटर है जो कही कही पर इससे ज्यादा भी बढ़ जाती है । उन्होने बताया कि इस मुख्य नाली को खुटनपारा के उरांवटोला में बनने वाले वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा । जहां पर गंदे पानी को ट्रीटमेंट कर गेज नदी में छोड़ा जाएगा । लगभग 4.50 करोड की लागत से बनने वाले वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जाना है जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है।
बैकुंठपुर शहर की वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी
बैकुंठपुर शहर की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है जहां पर वर्तमान में बैकुंठपुर नगर पालिका के पास अपना वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट एक भी स्थान पर नहीं होने के कारण शहर भर की नालियों का पानी सीधे गेज नदी में जाकर गिरता रहा । जिससे नदी का पानी दूषित हो जाता था। वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने के लिए लगभग एक दशक से मांग की जाती रही है जो अब जाकर पूरी हो रही है।

+ There are no comments
Add yours