जिले की अत्याधुनिक फायर ब्रिगेड वाहन को भइयालाल ने हरी झंडी दिखा किया रवाना
अब तक का सबसे दमदार दमकल वाहन……संकरी गलियों में भी दमदार परफॉर्मेंस
बैकुंठपुर
बैकुंठपुर विधायक भइयालाल राजवाडे ने जिले में अत्याधुनिक फायर ब्रिगेड वाहन को हरी झंडी दिखाई । प्रदेश भर में 20 आधुनिक फायर ब्रिगेड वाहन में से एक वाहन कोरिया को अलॉट किया गया है। भाजपा विधायक ने अपनी मंशा जहीर करते हुए कहा कि फायर सेफ्टी को लेकर अब कोई समझौता नहीं किया जायेगा।
अब कोरिया जिले को बड़ी से बड़ी आगजनी से लड़ने के लिए एक भरोसेमंद हथियार मिल गया है। अग्निशमन विभाग के पास अब ऐसा साधन है, जो आग, पानी और तकनीक तीनों को साथ लेकर चलता है।
ज़िले को अब आग से निपटने के लिए एक अत्याधुनिक अग्निशमन वाहन मिल गया है। इस हाईटेक फायर ब्रिगेड की लॉन्चिंग एक छोटे मगर खास समारोह में की गई। मौके पर मौजूद बैकुंठपुर विधायक भइयालाल राजवाडे ने पारंपरिक मंत्रोच्चार और पूजा-पाठ के साथ इस दमकल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अब तक का सबसे दमदार दमकल वाहन
नगर सेना और अग्निशमन विभाग के जानकारो की माने तो इस नए वाहन की पानी भरने की क्षमता 6000 लीटर है। यानी जिले में अब तक जितने फायर ब्रिगेड हैं, उनमें यह सबसे ज्यादा जल भंडारण वाला वाहन है। पहले की दमकल गाड़ियों में सिर्फ 3500 से 4000 लीटर तक ही पानी आ पाता था।

फोम वेंडर भी है, आग बुझेगी जल्दी
इस नए फायर ब्रिगेड वाहन में फोम वेंडर सिस्टम भी लगाया गया है, जो जल के साथ फोम का छिड़काव करके तेज़ और प्रभावी तरीके से आग बुझाने में मदद करता है। खासकर पेट्रोल-डीजल या केमिकल से लगी आग पर यह तकनीक बेहद कारगर साबित होती है।

संकरी गलियों में भी दमदार परफॉर्मेंस
गाड़ी में लगे 10 खास होज़ पाइप ऐसे इलाकों के लिए बनाए गए हैं जहां सामान्य फायर ब्रिगेड की पहुंच मुश्किल होती है। गलियां हों, भीड़भाड़ वाले मोहल्ले हों या ऊबड़-खाबड़ रास्ते में यह दमकल वहां भी अपना काम कर पाएगी।

घायल को मिलेगी तुरंत मदद
सिर्फ आग बुझाने तक ही बात नहीं है। इस गाड़ी में एक पोर्टेबल स्ट्रेचर भी मौजूद है ताकि हादसे के दौरान अगर कोई व्यक्ति घायल हो जाए, तो उसे तुरंत फर्स्ट एड और राहत दी जा सके। इससे अलग से एम्बुलेंस बुलाने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

+ There are no comments
Add yours