शिक्षक साझा मंच कोरिया ने किया जोरदार विरोध एवं बहिष्कार
बैकुंठपुर।
पूरे प्रदेश भर में शालाओं एवं शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया राज्य शासन स्कूल शिक्षा विभाग के दिशा निर्देशानुसार किया जा रहा है। शिक्षकों की युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया चालू होते ही पूरे प्रदेश भर सहित कोरिया जिले में भी बवाल मचा हुआ है। शिक्षकों ने इसके लिए समस्त संगठनों को मिलाकर एक शिक्षक साझा मंच तैयार किया है। जिसके बैनर तले पूरे प्रदेश भर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन एवं काउंसलिंग का बहिष्कार किया जा रहा है। इस कड़ी में कोरिया जिले में भी 4 जून को जिला शिक्षाअधिकारी कार्यालय बैकुंठपुर के सामने उपस्थित होकर युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया का विरोध किया।

पूरे जिले भर से उपस्थित सैकड़ो की संख्या में शिक्षकों ने एवं शिक्षक साझा मंच के पदाधिकारियों ने जोरदार नारा बाजी करते हुए सरकार के इस प्रक्रिया को विसंगति पूर्ण एवं दोषपूर्ण बताया तथा शासकीय स्कूलों में शैक्षिक गुणवत्ता को प्रभावित करने वाला बताया एवं निजीकरण को बढ़ावा देने वाला बताया। इसके बाद शिक्षक साझा मंच ने जिला शिक्षा अधिकारी कोरिया से मांग किया कि कोरिया जिले में हाई स्कूल हायर सेकेंडरी विद्यालयों में कालखंड अध्यापन के आधार पर सूची निर्माण किया गया परंतु उसको पूरे जिले में एक समान लागू नहीं किया गया है जिसको पूरे जिले भर के हाई स्कूल हायर सेकेंडरी में लागू करने की मांग की गई।

माध्यमिक शालाओं में भी नियुक्ति विषय के आधार पर की गई है तो विषय के कालखंड को आधार मान करके सूची जारी की जावे। इसी प्रकार समस्त संवर्ग के रिक्त पदों की सूची जारी करने की मांग की गई। शिक्षक साझा मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि दिनांक 4 जून को विभाग के द्वारा काउंसलिंग करने का आदेश जारी किया गया है। इसलिए शिक्षक साझा मंच के कोरिया के समस्त पदाधिकारी गण, जिले भर के समस्त प्रभावित शिक्षक गण एवं समस्त शिक्षक गण काउंसलिंग स्थल में उपस्थित होकर के सरकार के इस दोषपूर्ण व्यवस्था एवं नीति का विरोध करते हुए काउंसलिंग का बहिष्कार किया गया ।


+ There are no comments
Add yours