बैकुंठपुर में सुबह-सुबह छाया कोहरा 2 अक्टूबर तक बारिश का अलर्ट
बैकुंठपुर।
बैकुंठपुर समंत आसपास के क्षेत्रो मंगलवार की सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। जिले भर में सुबह से ही भीषण कोहरे की चादर छाई रही। सुबह 7 बजकर 20 मिनट पर सूरज की किरणें धरती तक पहुंचीं और मौसम शुष्क बना रहा। कोहरे की घनी परत के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) 60 से 70 मीटर तक ही सीमित रही। हालांकि, कोहरा घना होने के बावजूद यातायात पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा और वाहन सामान्य रूप से सड़कों पर चलते रहे।
कोहरे के बीच लोगों ने सुबह-सुबह ठंड का हल्का एहसास भी किया। वहीं, स्थानीय लोग मौसम में इस बदलाव को आगामी बारिश का संकेत मान रहे हैं। दरअसल, मौसम विभाग ने पहले ही बैकुंठपुर समेत क्षेत्र के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 02 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना जताई है।
ठंडक का एहसास देखने को मिलेगा
विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर छत्तीसगढ के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम असामान्य बना रह सकता है। इसी क्रम में बैकुंठपुर में भी कोहरे और बादलों के बीच कभी धूप तो कभी ठंडक का एहसास देखने को मिलेगा। सुबह के समय जहां घना कोहरा लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करता है, वहीं दोपहर में उमस और बदलते बादलों के बीच लोग असमंजस की स्थिति में रहते हैं।
हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। कुल मिलाकर, मंगलवार की सुबह जिले में कोहरा, ठंडी हवाओं और बदलते मौसम के संकेत के साथ शुरू हुई। अब सबकी निगाहें मौसम विभाग के अलर्ट पर टिकी हैं कि आगामी दिनों में बारिश से जिले का मौसम किस ओर करवट लेता है।


+ There are no comments
Add yours