मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्व. फलेंद्र सिंह कंवर के निवास पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात………स्व. फलेंद्र सिंह की प्रतिमा में किया पुष्पांजलि

Estimated read time 1 min read

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्व. फलेंद्र सिंह कंवर के निवास पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात………स्व. फलेंद्र सिंह की प्रतिमा में किया पुष्पांजलि

बैकुंठपुर।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को देर शाम कोरिया जिले के ग्राम सरभोका (कुड़ेली) स्थित अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व सदस्य एवं जिला पंचायत कोरिया के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय फलेंद्र सिंह कंवर के निवास पहुंचे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम सरभोका (कुड़ेली) में स्व.फलेंद्र सिंह की प्रतिमा में पुष्पांजलि अर्पित की।उन्होंने परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने स्व. कंवर की पत्नी सुमित्रा देवी तथा उनके पुत्र रविन्द्र कुमार सिंह, अखिलेश सिंह और युवक सिंह तथा तीनों बेटियां अंजुला सिंह, मंजुला सिंह व अर्चना सिंह व पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया।

इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों व समाज के प्रतिनिधियों से कहा कि स्व. फलेंद्र सिंह कंवर अंचल के वरिष्ठ, लोकप्रिय और समर्पित जननेता थे। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में जिले और समाज के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने रोचक जानकारी साझा करते हुए कहा कि स्व. फलेंद्र सिंह और हमारे गोत्र एक ही होने के कारण पारिवारिक रिश्तेदारी हैं।

स्व. फलेंद्र सिंह कंवर का जन्म 15 जून 1950 को ग्राम पंचायत सरभोका के गौटिया परिवार में हुआ था। वर्ष 1990 में वे ग्राम पंचायत सरभोका के निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुए और यहीं से उनके सामाजिक व राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई। इसके बाद वे जनपद पंचायत अध्यक्ष, मंडी अध्यक्ष, वर्ष 2000 में सोनहत क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य तथा वर्ष 2005 में जिला पंचायत अध्यक्ष बने। इसी दौरान उन्हें प्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग का सदस्य मनोनीत किया गया।

स्वास्थ्य में गिरावट के बावजूद वे लंबे समय तक जनसेवा में सक्रिय रहे। वर्ष 2010 के बाद स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली। 6 अक्टूबर 2022 को 72 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. फलेंद्र सिंह कंवर का सरल स्वभाव, जनसेवा के प्रति समर्पण और जनता से जुड़ाव उन्हें सदैव स्मरणीय बनाए रखेगा। उनके योगदान को क्षेत्र की जनता लंबे समय तक याद किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों की मांग पर ग्राम सरभोका, (कुडेली) के विभिन्न विकास कार्याे-कुडेली बाजार की कांक्रीटीकरण, खेल अधोसरंचना और अन्य विकास कार्याे के लिए राशि की घोषणा भी की।

इस अवसर पर अनुसूचित जाति, जनजाति विकास विभाग के मंत्री व कोरिया जिला के प्रभारी मंत्री राम विचार नेताम, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सरगुजा सांसद चिंतामणि महराज, बैकुंठपुर विधायक भइया लाल राजवाड़े, कोरिया कलेक्टर चंदन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे, कंवर समाज के पदाधिकारी, ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours