सीएमएचओ डॉ. प्रशांत सिंह ने हीटवेव से निपटने विभाग को किया अलर्ट
अस्पतालों में बनाए जा रहे हीट स्ट्रोक प्रबंधन कक्ष, आवश्यक दवाइयों और एम्बुलेंस सेवाओं को रखा गया
बैकुंठपुर।
जिले में बढ़ते तापमान और संभावित हीटवेव की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। गर्मी से होने वाली बीमारियों से निपटने के लिए जिला स्तर से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुरूप जिला अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य संस्थानों में हीटवेव से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के अनुसार जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हीट स्ट्रोक प्रबंधन कक्ष सक्रिय रखे जाएंगे। इन केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में ओआरएस, आईवी फ्लूड, आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयां और शीतलन संबंधी व्यवस्थाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि गर्मी से प्रभावित मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग ने एम्बुलेंस सेवाओं को भी अलर्ट मोड में रखने और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया है। साथ ही विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, बाहरी श्रमिकों और बेघर व्यक्तियों जैसे उच्च जोखिम वाले समूहों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि तेज धूप में अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और लू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।

+ There are no comments
Add yours