जॉच में असुरक्षित पाया गया टाटा संपन्न बेसन, प्रशासन ने जारी की चेतावनी
बैकुंठपुर।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आम जनता और खाद्य विक्रेताओं को सावधान करते हुए टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट लिमिटेड द्वारा निर्मित टाटा संपन्न फाइन बेसन 500 ग्राम के एक विशेष बैच को असुरक्षित घोषित किया है। विभाग ने उक्त बैच के बेसन को न खरीदने और न ही उपभोग करने की अपील की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पैक्ड टाटा संपन्न फाइन बेसन 500 ग्राम, कोड-013, सरल क्रमांक 86/2025, बैच नंबर जीवी5एच844डीआई, पैकिंग दिनांक 08 अगस्त 2025 के नमूने की जांच प्राईवेट लैब भोपाल में कराई गई थी। जांच प्रतिवेदन क्रमांक आर-0024/2026 दिनांक 27 जनवरी 2026 में इस बैच को असुरक्षित घोषित किया गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला कोरिया के अभिहीत अधिकारी ने जानकारी दी है कि आम जनता उक्त बैच नंबर के बेसन को न खरीदें और न ही इसका उपयोग करें। साथ ही सभी थोक एवं फुटकर खाद्य विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे उक्त बैच नंबर के उत्पाद का क्रय-विक्रय और भंडारण तत्काल प्रभाव से बंद कर दें।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि यदि किसी विक्रेता के पास इस बैच का उत्पाद शेष है तो उसे अलग से सुरक्षित रखकर कंपनी को वापस करने की प्रक्रिया अपनाई जाए, ताकि गलती से भी यह उत्पाद बाजार में न बिक सके। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जनजागरूकता के लिए इस सूचना के माध्यम से अपील भी की है कि आम जनता असुरक्षित खाद्य पदार्थ क्रय व उपयोग से बच सके।

+ There are no comments
Add yours