सुशासन तिहार में भाजपा पदाधिकारी ने बताई पीड़ा, भाजपा विधायक के कार्यशैली पर उठाया सवाल
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सरकार पर साधा निशाना
बैकुंठपुर।
कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड अंतर्गत कुशहा गांव में गुरुवार को मुख्यमंत्री का उड़नखटोला उतरा . यहां आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में ही एक भाजपा पदाधिकारी ने क्षेत्र की समस्याओं और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर दी। कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारी ने कहा कि भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र की विधायक जनता के बीच नदारद रहती हैं और आम लोगों की समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही है।

उन्होंने मंच से ही अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए क्षेत्र में जनसंपर्क और समस्याओं के निराकरण की कमी का मुद्दा उठाया। शोसल मीडिया में वीडियो वायरल होने पर कांग्रेस के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जिस व्यवस्था को सुशासन बता रही है, उसकी वास्तविकता अब उनके अपने ही पदाधिकारी मुख्यमंत्री के सामने उजागर कर रहे हैं। गुलाब कमरो ने कहा कि जनता परेशान है, भाजपा कार्यकर्ता नाराज़ हैं और सरकार केवल कार्यक्रमों और आयोजनों में व्यस्त दिखाई दे रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सत्ताधारी दल के कार्यकर्ता ही अपनी बात रखने को मजबूर हैं, तो आम जनता की समस्याओं का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान हुई इस घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी हुई है और इसे लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं।



+ There are no comments
Add yours