न्यू लाईफ में विश्व स्तनपान सप्ताह पर प्रतियोगिता का आयोजन
बैकुंठपुर।
न्यू लाईफ हेल्थ एण्ड एजुकेशन सोसायटी द्वारा संचालित न्यू लाईफ इंस्टीट्यूट आफ नर्सिंग में संस्था संचालक डॉ. प्रिंस जायसवाल के निर्देशन में छात्र-छात्राओं के द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह पर इस वर्ष पोस्टर प्रतियोगिता एवं स्वास्थ्य शिक्षा का आयोजन जिला अस्पताल बैकुंठपुर में किया गया। विश्व स्तनपान सप्ताह 1 से 7 अगस्त 2026 के अवसर पर 4 अगस्त को जिला अस्पताल, बैकुंठपुर में स्वास्थ्य शिक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया एवं 06 अगस्त 2026 को न्यू लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस वर्ष की थीम जीवन की सतत एवं स्वस्थ शुरुआत के लिए स्तनपान जो प्रभावी है, उसे और सशक्त बनाये रहें। कार्यक्रम का उद्देश्य स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना, माताओं एवं परिवारों को स्तनपान के लिए प्रोत्साहित करना तथा शिशुओं के स्वस्थ भविष्य के लिए स्तनपान को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के अंतर्गत बी.एससी. नर्सिंग पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों द्वारा स्तनपान विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई, साथ ही पोस्टर प्रस्तुति पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सभी सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें पांचवा सेमस्टर के हेमा राजवाडे ने प्रथम, चौथे सेमेस्टर से जमूना सिंह ने द्वितीय एवं प्रथम सेमेस्टर से संध्या राजवाडे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समस्त विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक पोस्टरों के माध्यम से स्तनपान के महत्व, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जन-जागरूकता का संदेश दिया। संस्था में कार्यक्रम अंतर्गत पावरपॉइंट प्रस्तुती के माध्यम से सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा समाज में स्तनपान के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया। इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन असिस्टेंट प्रोफेसर प्रमिला सिंह एवं सुधालता के द्वारा प्राचार्य डॉ. अंजना सैम्युअल के मार्गदर्शन व सभी शिक्षकों की उपस्थिति में किया गया।


+ There are no comments
Add yours