स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिल के विरोध में कांग्रेस का जनजागरण अभियान

Estimated read time 1 min read

ब्लॉक अध्यक्ष (शहर) आशीष यादव ‘लल्ला’ की पहल पर घर-घर पहुंचकर भरवाए गए विरोध फॉर्म

बैकुंठपुर।

स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली के बढ़ते बिलों को लेकर आम उपभोक्ताओं में बढ़ रही चिंता के बीच कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष (शहर) आशीष यादव ‘लल्ला’ के नेतृत्व में जनजागरण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद किया और स्मार्ट मीटर के विरोध में फॉर्म भरवाए।

अभियान के तहत उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से जुड़ी उनकी समस्याओं एवं बढ़ते बिजली बिल को लेकर अपनी आवाज दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही लोगों के घरों पर “महतारी वंदन वसूली मीटर” का स्टीकर लगाकर कांग्रेस ने सरकार की बिजली व्यवस्था और बढ़ते बिलों के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।

ब्लॉक अध्यक्ष आशीष यादव ‘लल्ला’ ने कहा कि “बिजली आम आदमी की मूलभूत जरूरत है। सरकार को ऐसी व्यवस्था लागू करनी चाहिए जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिले, न कि उनके ऊपर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़े। स्मार्ट मीटर को लेकर जनता के मन में अनेक सवाल और आशंकाएं हैं। कांग्रेस जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी और उपभोक्ताओं के हितों के लिए लगातार संघर्ष करेगी।

उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल विरोध तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि घर-घर जाकर आम उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुनने और उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का काम लगातार जारी रहेगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि बढ़ते बिजली बिलों से परेशान जनता को राहत दिलाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। अभियान में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों की सहभागिता रही।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours