मंडल अघ्यक्षो से बोले विधायक….पार्टी को नई बुलंदी पर ले जाना अब आपकी जिम्मेदारी
कोरिया में भाजपा ने की मंडल अध्यक्षों के नामो की घोषणा
बैकुंठपुर।
भाजपा ने शनिवार को कोरिया जिले के बैकुंठपुर सहित सभी 07 मंडल अध्यक्षों की सूची जारी कर दी गई है। जिससे संगठन के भीतर लंबे समय से जारी इंतजार खत्म हुआ। बैकुंठपुर की विधानसभा के अर्तगत आने वाले 06 मंडलों के अध्यक्षों के नाम विधायक के मनमाफिक रखी गई है। जबकि सोनहत मंडल अध्यक्ष भी उनके ही समाज से चुना गया है। यह सूची भाजपा के निर्वाचन अधिकारी और जिला पर्यवेक्षक के अनुमोदन के बाद जारी हुई।
ये चुने गये मंडल अध्यक्ष
संगठन द्वारा कोरिया जिले के सातों मंडल अध्यक्षों के नाम की घोषणा शनिवार को कर दी गई । मंडलों में अध्यक्षों के नाम में बैकुंठपुर मंडल के लिए अनिल खटीक, कुडेली मंडल के लिए संदीप चिकनजूरी, सोनहत मंडल के लिए राजाराम राजवाड़े, पटना मंडल से राम लखन यादव, चरचा मंडल के लिए दीपा विश्वकर्मा, बचरा पोड़ी मंडल के लिए किशोर सिरदार एवं सलका मंडल के लिए मैंनेजर राजवाडे के नाम की घोषणा की गई है।

मंडलों में केवल एक में महिला अध्यक्ष
हालांकि, पार्टी द्वारा महिलाओं को 33 फिसद आरक्षण देने का दावा किया गया था, लेकिन जिले में यह लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया। जिले के 07 मंडलों में से केवल एक महिलाओं को अध्यक्ष बनाया गया है। जिसमें चरचा मंडल के लिए दिपा विश्वकर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दिपा इस सूची में शामिल होने वाली एकमात्र महिला हैं। जिससे पार्टी के इस निर्णय पर आने वाले दिनो में सवाल उठेगें।
अध्यक्ष बनाने में कई चुनौतियां आई
मंडल अध्यक्षों की सूची तैयार करने में संगठन को कई स्तरों पर चुनौतियों का सामना करना पड़ा। विधानसभा बैकुंठपुर में सभी मंडल अध्यक्ष बदले गए, जबकि कुछ पुराने अध्यक्षों ने पद पर बने रहने की इच्छा जताई थी, जिसे संगठन ने नामंजूर कर दिया।
विधायक की चली
इस बार मंडल अध्यक्षों की सूची में विधायकों का प्रभाव स्पष्ट रूप से नजर आया, जबकि क्षेत्रीय संगठन मंत्री ने पहले ही कहा था कि चुनाव संगठन की प्रक्रिया के तहत होंगे और विधायकों की सिफारिशों पर मंडल अध्यक्ष नहीं चुने जाएंगे। बावजूद इसके, खासतौर पर बैकुंठपुर विधानसभा के 6 मंडल की सूची में विधायक भइयालाल राजवाडे का दबदबा साफ दिख रहा है। आने वाले चुनावों में इन मंडल अध्यक्षों और उनकी टीमों की भूमिका को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व न मिलना और विधायकों का बढ़ता प्रभाव पार्टी के संगठनात्मक संतुलन और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रहा है। सूची की अंतिम मंजूरी रायपुर से ली गई थी, लेकिन स्थानीय नेताओं के बीच खींचतान ने इसे तैयार करने की प्रक्रिया को जटिल बना दिया।
पार्टी को नई बुलंदी पर ले जाना आपकी जिम्मेदारी
चुनाव प्रभारी ने पूरे नियमावली एवं पारदर्शिता के साथ सरलता एवं निर्विवाद पूर्ण चुनाव कराने में सफलता हासिल की। भइयालाल राजवाडे ने सभी मंडल अध्यक्ष को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए संगठन में सबको साथ लेकर चलने की सलाह दी। उन्होने कहा कि 24 घंटे में कम से कम 8 घंटा आपको संगठन के लिए तैयार रहना होगा। भाजपा ऐसी पार्टी है, जिसके लिए सुबह से रात तक जनता के हित एवं संगठन के लिए तत्पर रहना है। उन्होने लगातार चुनावो में भाजपा की सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया और कहा कि भाजपा की हमेशा तन मन धन के साथ सेवा के लिए तत्पर रहने के कारण ही हमें इस तरह की कामयाबी मिलती है अब आप सबकी जिम्मेदारी है कि आप आगामी दिनो के पार्टी को नई बुलंदी पर ले जाये।







+ There are no comments
Add yours