झुमका टूरिजम में पार्किंग के नाम पर वसूली, पर्यटकों से दोगुना वसूली के आरोप

Estimated read time 1 min read

बैकुंठपुर।

कोरिया जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल झुमका बांध में पार्किंग और मछली प्रदर्शनी शुल्क के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने आरोप लगाया है कि जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित दरों से अधिक राशि वसूली जा रही है, जिससे यहां आने वाले लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा झुमका बांध परिसर में पार्किंग शुल्क की दरें निर्धारित की गई हैं, जिसमें मोटरसाइकिल, तीन पहिया, चार पहिया एवं बड़े वाहनों के लिए क्रमशः ₹10, ₹20 और ₹30 तक शुल्क तय किया गया है। लेकिन मौके पर ठेकेदारों द्वारा मनमाने तरीके से अधिक पैसे वसूले जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि ₹10 की जगह ₹20, ₹20 की जगह ₹40 तथा बड़े वाहनों से ₹100 से ₹200 तक की राशि ली जा रही है। इतना ही नहीं, झुमका बांध परिसर में आयोजित मछली प्रदर्शनी में भी निर्धारित शुल्क से दोगुना राशि लिए जाने की बात कही जा रही है।

पर्यटकों का कहना है कि टिकट अथवा शुल्क पर्ची में निर्धारित राशि कुछ और रहती है जबकि मौके पर अधिक रकम मांगी जाती है। विरोध करने पर कर्मचारियों द्वारा बहस करने और अंदर प्रवेश रोकने जैसी स्थिति भी निर्मित होने की बातें सामने आई हैं। उल्लेखनीय है कि कोरिया जिला प्रशासन द्वारा झुमका बांध को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यहां सौंदर्यीकरण, मनोरंजन और पर्यटकों की सुविधाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से कई कार्य किए गए हैं ताकि जिले के साथ-साथ बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोग आकर्षित हो सकें। लेकिन अवैध वसूली जैसी शिकायतें प्रशासन की मंशा पर सवाल खड़े कर रही हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं लगाया गया तो पर्यटकों की संख्या प्रभावित हो सकती है। लोगों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर संबंधित ठेकेदारों पर कार्रवाई करने तथा निर्धारित शुल्क सूची को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करता है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours